विज्ञापन

आतंकी शहजाद भट्टी का हैंडलर हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार, ISI के लिए करता था काम

पंजाब पुलिस ने ISI और आतंकी शहजाद भट्टी से कथित तौर पर जुड़े कुलवंत अली को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है. फिरोजपुर निवासी कुलवंत अली 13 सितंबर 2026 को फाजिल्का के जलालाबाद में हुए हैंड ग्रेनेड हमले का कथित मास्टरमाइंड बताया जा रहा है.

आतंकी शहजाद भट्टी का हैंडलर हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार, ISI के लिए करता था काम

पंजाब में आतंकी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और आतंकी शहजाद भट्टी से कथित तौर पर जुड़े एक अहम आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी कुलवंत अली को फाजिल्का जिले में हुए हैंड ग्रेनेड हमले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. उसकी गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किया गया कुलवंत अली मूल रूप से पंजाब के फिरोजपुर जिले का रहने वाला है. जांच में सामने आया है कि वह पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी का खास हैंडलर रहा है और कई संदिग्ध गतिविधियों में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क और संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

पिछले महीने से तलाश में थी सुरक्षा एजेंसियां

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी का नाम 13 सितंबर 2026 को फाजिल्का जिले के जलालाबाद सिटी थाना क्षेत्र में हुए हैंड ग्रेनेड हमले में सामने आया था. इस हमले के बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं. जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर फाजिल्का पुलिस ने ऑपरेशन चलाकर उसे फरीदाबाद से दबोच लिया.

जांच एजेंसियों के लिए कुलवंत अली की गिरफ्तारी इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि वह राजस्थान के श्रीगंगानगर में 8 किलो आरडीएक्स बरामदगी मामले में भी वांटेड बताया जा रहा है. अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान आतंकी नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और सीमा पार से संचालित गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.

पुलिस अब आरोपी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और आतंकी शहजाद भट्टी से कथित संबंधों की गहन जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा पंजाब और आसपास के राज्यों में उसकी गतिविधियां किस स्तर तक फैली हुई थीं.

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से सीमा पार से संचालित आतंकी मॉड्यूल और उनके स्थानीय नेटवर्क की परतें खुल सकती हैं. फिलहाल जांच जारी है और पुलिस आरोपी से मिले इनपुट के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के 'टाटा बर्बाद हो रहा है' बयान पर भड़कीं निर्मला सीतारमण, बोलीं- ये आदत छोड़िए...

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ISI, Shahzad Bhatti
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com