विज्ञापन

अनंत सिंह को JDU से निकाले जाने की इनसाइड स्टोरी, नीतीश-ललन की 20 मिनट की बैठक में तय हुआ एक्शन

JDU के पूर्व MLC वाल्मिकी सिंह ने मोकामा विधायक अनंत सिंह को निलंबित करने पर कहा, जो दो चार लोग पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं, वे पार्टी को डुबाने में लगे हैं. JDU में जो लोग नीतीश कुमार के समर्थक हैं और चाहते हैं कि निशांत कुमार आगे बढ़ें, उनके समर्थकों को धीरे-धीरे हटाया जा रहा है.

अनंत सिंह को JDU से निकाले जाने की इनसाइड स्टोरी, नीतीश-ललन की 20 मिनट की बैठक में तय हुआ एक्शन
मोकामा विधायक अनंत सिंह को JDU से निष्कासित कर दिया गया है.
NDTV
  • JDU ने मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया है.
  • अनंत सिंह ने बिहार MLC चुनाव में JDU प्रत्याशी का खुले तौर पर विरोध किया.
  • निष्कासन से पहले नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की पटना में महत्वपूर्ण बैठक हुई थी.
पटना:

बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने मोकामा विधायक अनंत सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. अनंत सिंह बीते कुछ दिनों से लगातार पार्टी के निर्देशों के खिलाफ चुनाव प्रचार और बयानबाजी कर रहे थे. बिहार विधान परिषद चुनाव में अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट के जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार का खुलकर विरोध किया. पार्टी ने उनकी बगावत रोकने के लिए मीटिंग भी की. लेकिन इसके बाद भी अनंत सिंह नहीं माने. उन्होंने जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए लगातार प्रचार किया. अब जदयू ने अनंत सिंह को पार्टी से निकाल दिया है. उनके साथ अनंत की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को भी 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है. 

अनंत सिंह पर एक्शन होगा, यह उनके बागी तेवर को देखते हुए साफ लग रहा था. लेकिन इतनी जल्दी और इस तरह इसकी उम्मीद बहुत कम को थी. अनंत सिंह के खिलाफ इस एक्शन की पटकथा पटना में हुई एक मीटिंग में तय हुई. 

Latest and Breaking News on NDTV

अनंत सिंह पर हुए एक्शन की इनसाइड स्टोरी

मिली जानकारी के अनुसार अनंत सिंह पर एक्शन से पहले पटना में बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार और मुंगेर सांसद व केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की मुलाकात हुई. ललन सिंह दिल्ली में थे. शुक्रवार को वो पटना लौटे, फिर वो नीतीश कुमार के सरकारी आवास 7 सर्कुलर रोड पर पहुंचे. यहां नीतीश और ललन सिंह के बीच करीब 20 मिनट तक मुलाकत चली. 

इस मुलाकात के कुछ देर बाद JDU विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया. दोनों की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी गई. साथ ही, उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की भी सिफारिश की गई.

इस मुलाकात के बाद नीतीश कुमार खुद ललन सिंह को उनके घर छोड़ने के लिए उनके साथ निकले. इस मुलाकात से जुड़े जो विजुअल सामने आए, उसमें ललन सिंह अपने चिर-परिचित शांत भाव में नजर आ रहे हैं. 

पटना में आज शाम नीतीश कुमार और ललन सिंह की मुलाकात के दौरान की तस्वीर.

पटना में आज शाम नीतीश कुमार और ललन सिंह की मुलाकात के दौरान की तस्वीर.
Photo Credit: NDTV

अनंत सिंह पर हुए एक्शन पर नेताओं ने क्या कहा?

अनंत सिंह के जदयू से निष्कासन पर राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा, "देखिए, यह जनता दल यूनाइटेड का आंतरिक मामला है. जेडीयू के भीतर चल रही खींचतान पार्टी के अस्तित्व को कमजोर कर देगी. जेडीयू कई गुटों में बंटी हुई है. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह आज ही पटना आए, लेकिन उन्होंने पत्रकारों के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया. इसके बाद निष्कासन का पत्र जारी कर दिया गया."

राजद नेता ने आगे कहा इस मामले में एक तकनीकी गलती भी हुई है. किसी मौजूदा विधायक को पार्टी से निष्कासित करने का आदेश राष्ट्रीय अध्यक्ष जारी कर सकते हैं या उनके निर्देशानुसार ऐसा किया जा सकता है. लेकिन यहां उनके निर्देशों का भी पालन नहीं किया गया. यह अधिकार किसी भी प्रदेश अध्यक्ष को प्राप्त नहीं है...

JDU के पूर्व MLC बोले- नेतृत्व में शामिल 2-4 लोग पार्टी डुबोने में लगे हैं

JDU के पूर्व MLC वाल्मिकी सिंह ने मोकामा विधायक अनंत सिंह को JDU से निलंबित करने पर कहा, "जो दो चार लोग पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं, वे पार्टी को डुबाने में लगे हैं. JDU में जो लोग नीतीश कुमार के समर्थक हैं और चाहते हैं कि निशांत कुमार आगे बढ़ें, उनके समर्थकों को धीरे-धीरे हटाया जा रहा है... ये कार्रवाई गलत हुई है. ये नहीं होनी चाहिए थी. क्रिया की प्रतिक्रिया में विधायक(अनंत सिंह) ने दूसरे पक्ष की मदद की लेकिन सदैव उन्होंने नीतीश कुमार और निशांत कुमार का नाम लिया..."

चिराग पासवान बोले- इस फैसले पर बयान देना उचित नहीं

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "देखिए, यह जनता दल यूनाइटेड का आंतरिक मामला है और पूरी तरह से उनकी पार्टी से जुड़ा विषय है. यह परिस्थिति भी व्यक्तिगत कारणों से उत्पन्न हुई है, न कि किसी राजनीतिक कारण से. ऐसे में, गठबंधन सहयोगी होने के नाते किसी दूसरी पार्टी के मामले पर टिप्पणी करना या किसी भी तरह का बयान देना उचित नहीं है. जनता दल यूनाइटेड को ही यह तय करना है कि मौजूदा परिस्थितियों में उसे क्या फैसला लेना चाहिए."

यह भी पढ़ें - अनंत सिंह को JDU ने पार्टी से निकाला, पत्नी नीलम देवी भी बाहर; खतरे में विधायकी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anant Singh, Anant Singh JDU MLA, Anant Singh News, JDU Bihar, Anant Singh Bihar Cm Nitish Kumar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com