विज्ञापन

हिमाचल में बन रहा पुल अचानक ढहा, अंतिम चरण में था निर्माण - Video हुआ वायरल

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में निर्माणाधीन पुल के गिरने से स्थानीय लोगों की उम्मीदें टूट गई हैं.

हिमाचल में बन रहा पुल अचानक ढहा, अंतिम चरण में था निर्माण - Video हुआ वायरल
पुल के गिरने के बाद पूरे इलाके में मलबे से निकला गुबार फैल गया
PTI

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में आज (मंगलवार) की सुबह एक निर्माणाधीन पुल ढह गया. इस पुल के गिरने का वीडियो सामने आया है जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि आज सुबह भूस्खलन की वजह से पुल गिर गया. इसका निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में था और जल्दी ही काम समाप्त होने वाला था. इस पुल के ढहने से स्थानीय लोगों की उम्मीदें टूट गई है जो पिछले कई वर्षों से इसके खुलने का इंतजार कर रहे थे. 

2023 में शुरू हुआ था निर्माण

चंबा जिले में यह पुल सिन्यूर इलाके में होली-खरमूखा सड़क पर बन रहा था. यह पुल करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा था. इस पुल के लिए निविदा 2023 में जारी की गई थी और इसके बाद पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया. स्थानीय लोग पहले लकड़ी के एक पुराने पुल का इस्तेमाल करते थे. नया पुल लोहे का बन रहा था जो बनने से पहले ही गिर गया.

देखिए Video:-

स्थानीय एमएलए ने क्या कहा?

अधिकारियों ने बताया कि पुल भूस्खलन के कारण अचानक ढह गया. जमीन खिसकने की वजह से पहाड़ी से मलबा नीचे गिरा जिसने पुल को चपेट में ले लिया. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है. यह इलाका भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है. स्थानीय विधायक जनक राज ने बताया कि  सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घटनास्थल का दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं. पुल के ढहने की वजह से इलाके का संपर्क कटने की भी जानकारी मिल रही है.

विधायक ने कहा, “यह पुल होली जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग प्रदान करता है. मानसून के दौरान भारी बारिश और बार-बार भूस्खलन के कारण होली से संपर्क कट जाता है.”

ये भी पढ़ें-: हिमाचल के धरोंल जंगल में दिखा 'सफेद साया', उड़े वन विभाग के होश, कैमरों से हर मूवमेंट पर रखी जा रही नजर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com