महाराष्ट्र में सियासत में इन दिनों 'ऑपरेशन टाइगर' चर्चा में है. चर्चा है कि जल्द ही शिवसेना (यूबीटी) के 9 में से 6 सांसद टूटकर एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना में आ सकते हैं. अब इस ऑपरेशन पर डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने खुलकर अपनी बात रखी है और कहा है कि 'हम कोई ऑपरेशन अधूरा नहीं छोड़ते.' वहीं, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 'ऑपरेशन पूरा हो गया है और मरीज स्वस्थ है.'
फडणवीस और शिंदे का यह बयान ऐसे समय आया है, जब शिवसेना (यूबीटी) में बगावत की अटकलें जोरों पर है और 4 साल बाद पार्टी एक बार फिर टूट की कगार पर है.
पहले खबर आई थी कि बागियों में से एक सांसद ओमराजे निंबालकर अपने ही पाले में रहेंगे, लेकिन अब माना जा रहा है कि शिंदे गुट में उनकी एंट्री तय है. फडणवीस और शिंदे ने भी उनकी एंट्री का बात लगभग-लगभग साफ कर दी है.
'जल्द ही ब्रेकिंग न्यूज मिलेगी'
एक कार्यक्रम में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि 'जल्द ही आपको ब्रेकिंग न्यूज मिलेगी. हम कोई भी ऑपरेशन अधूरा नहीं छोड़ते हैं.'
ओमराजे निंबालकर के मामले में उन्होंने कहा, 'ओमराजे निंबालकर कल कोर्ट में थे. उनका परिवार दुखी था. ऐसी संवेदनशील स्थिति में भी वे उन पर आरोप लगा रहे हैं. ये लोग सुबह गालितां देते हैं और रात को पैर पकड़ते हैं. इनके दिमाग में केमिकल लोचा है.'
शिंदे ने आगे कहा कि 'अब जब पार्टी में कोई बचेगा ही नहीं, तो वे इस्तीफा ही देंगे, और क्या करेंगे?'
'ऑपरेशन पूरा हो गया'
वहीं, मुख्यमंत्री देंवेंद्र फडणवीस ने इशारों-इशारों में कहा कि ऑपरेशन पूरा हो गया है. उन्होंने कहा, 'ऑपरेशन पूरा हो गया है और मरीज बिल्कुल स्वस्थ है.' फडणवीस ने कहा कि हमारे बीच केवल भाईचारा है, कोई विवाद नहीं है.
उन्होंने उद्धव ठाकरे की ओर से अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश पर कहा कि 'उजड़े हुए गांव की प्रधानी छोड़ने की बात कहने में बहुत फर्क होता है.'
फडणवीस ने कहा, 'जब आत्मचिंतन करने की जरूरत थी, तब उद्धव ठाकरे ने नहीं किया. बालासाहेब की शिवसेना अब एकनाथ शिंदे के पास है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं