- बेंगलुरु ग्रामीण के हेसरघट्टा ग्रासलैंड में दो व्यक्तियों ने महिला की कार रोककर विवाद शुरू किया था
- रचना, जो भाजपा नेता एस. हरीश की बहू हैं, ने आरोपियों को गाड़ी हटाने के लिए कहा था
- आरोपियों ने रचना के पति भरत के साथ मारपीट की और धमकाते हुए उनके सिर पर पत्थर फेंकने की कोशिश की
बेंगलुरु से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला की कार को दो लोगों ने इसलिए रोक लिया, क्योंकि उसने उन्हें गाड़ी हटाने को कहा था. इतना ही नहीं, उन दोनों ने महिला के पति के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की और उसे धमकाया.
यह घटना शुक्रवार दोपहर की है, जब रचना बेंगलुरु ग्रामीण के हेसरघट्टा ग्रासलैंड स्थित अपने फार्महाउस से अपनी रेंज रोवर कार में लौट रही थीं. वह वहां अपने पति भरत को खाना देकर वापस आ रही थीं. रचना, बेंगलुरु के पूर्व डिप्टी मेयर और BJP नेता एस. हरीश की बहू हैं.
रास्ते में उन्हें एक अर्टिगा कार मिली, जो कथित तौर पर सड़क के बीचों-बीच खड़ी थी और उसका दरवाजा खुला हुआ था. जब उन्होंने हॉर्न बजाया, तो उन दो लोगों में से एक ड्राइवर की तरफ से उनकी कार के पास आया और उनसे खिड़की नीचे करने को कहा. इसके बाद उन्होंने उनकी तस्वीरें खींच लीं. घबराकर रचना ने अपने पति भरत को मौके पर बुला लिया. जब उन आरोपियों ने रचना को कन्नड़ में बात करते सुना, तो उन्होंने उन्हें धमकाते हुए कहा, "तुम कन्नड़ भाषी हो? ठीक है, आओ, मैं तुम्हें देख लूंगा."
यह भी पढ़ेंः रोंगटे खड़े कर देगा Video: NH-44 पर खिलौने की तरह हवा में उछली कार, फिर 2-3 बार पलटी
जब उन्होंने अपनी कार हटा ली, तो रचना आगे बढ़ गईं, लेकिन 500 मीटर आगे जाने पर उन्हीं लोगों ने उन्हें फिर से रोक लिया. इसके बाद वे दोनों लोग कार से बाहर निकले और रचना की कार के दोनों तरफ खड़े हो गए. उनमें से एक ने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर रचना ने खिड़की नहीं खोली, तो वह उसे तोड़ देगा.
भरत मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोपी से रचना की तस्वीरें डिलीट करने को कहा, जिसके बाद उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया और उनके साथ मारपीट की गई.
रचना और भरत ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया है कि आरोपियों में से एक ने एक पत्थर उठाया और उससे भरत के सिर पर हमला करने की कोशिश की. कुछ ही मिनटों बाद उनके रिश्तेदार प्रकाश और लक्ष्मीकांत वहां पहुंचे और उन्होंने भरत को आरोपियों से बचाने में मदद की.
रचना ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी शराब के नशे में थे और उन्होंने अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया. बाद में आरोपियों की पहचान महेश और गोविंदराजू के रूप में हुई.
यह भी पढ़ेंः जेल से पति को छुड़ाने उसके दोस्त ने पत्नी से 2 लाख ठगे, रेप भी किया, धोखेबाज बहनोई ने ऐसे उठाया फायदा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं