विज्ञापन

TVK प्रमुख विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से राजभवन में की मुलाकात, सरकार बनाने का दावा पेश किया

तमिलनाडु में विजय की सरकार बनने जा रही है. विजय ने बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है. गुरुवार को विजय सीएम पद की शपथ ले सकते हैं.

TVK प्रमुख विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से राजभवन में की मुलाकात, सरकार बनाने का दावा पेश किया
  • तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को कांग्रेस का समर्थन मिलने के बाद सरकार बनाना लगभग तय हो चुका है
  • बुधवार को विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया और शपथ ग्रहण की संभावना जताई
  • टीवीके ने 234 विधानसभा सीटों में से 108 सीटें जीती हैं, लेकिन सरकार बनाने के लिए 118 सीटें आवश्यक हैं

तमिलनाडु में विजय की सरकार बनना अब लगभग तय हो चुका है. एक्टर विजय की पार्टी टीवीके को कांग्रेस समर्थन देने के लिए तैयार है. इसके बाद अब विजय भी एक्टिव हो गए हैं. उन्होंने बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया. बताया जा रहा है कि गुरुवार को ही विजय की सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है.

विजय ने मंगलवार को ही लोक भवन को एक ईमेल भेजकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया था. इसमें उन्होंने बताया था कि उनके पास अपनी पार्टी के विधायकों का समर्थन है. उन्होंने बहुमत साबित करने का भी पूरा भरोसा जताया था. तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके ने 234 में से 108 सीटें हासिल की हैं.

न्यूज एजेंसी PTI ने टीवीके के एक सूत्र के हवाले से बताया है कि उन्होंने बुधवार को एक नया पत्र लिखा है और राज्यपाल से 7 मई को सुबह 11:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह करवाने का अनुरोध किया है.


कांग्रेस ने दिया समर्थन

तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए 118 सीटें जरूरी हैं. टीवीके के पास अभी 108 सीटें हैं, लेकिन इसमें से विजय की दो सीटें हैं. विजय को एक सीट छोड़नी पड़ेगी. लिहाजा टीवीके के पास 107 सीटें बचती हैं. ऐसे में विजय को सरकार बनाने के लिए 11 विधायकों की और जरूरत है.

तमिलनाडु कांग्रेस के नेताओं का दावा है कि विजय ने उनसे सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगा था. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी थी. इसके बाद तमिलनाडु कांग्रेस के नेताओं ने वर्चुअली मीटिंग की थी. इसके बाद कांग्रेस टीवीके को समर्थन देने के लिए तैयार हो गई थी.

तमिलनाडु में कांग्रेस के 5 विधायक हैं. बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने विजय सरकार में दो मंत्री पद मांगे हैं. हालांकि, अभी भी विजय को और विधायकों की जरूरत है. बताया जा रहा है कि PMK और AMMK भी टीवीके को समर्थन देने के लिए तैयार है. PMK के पास 4 और AMMK के पास 1 विधायक है. हालांकि, अभी तक दोनों ने इसका ऐलान नहीं किया है.

शपथ में राहुल गांधी हो सकते हैं शामिल

विजय गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में होगा. बुधवार को विजय ने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से फोन पर बात कर दोनों को शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता दिया. बताया जा रहा है कि राहुल गांधी इसमें शामिल हो सकते हैं.

यह भी पढ़ेंः तमिलनाडु में विजय को समर्थन...क्या कांग्रेस फिर से कर रही वो गलती, जिसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी

यह भी पढ़ेंः तमिलनाडु में कैसे हार गई डीएमके, एमके स्टालिन से कहां कहां हुई चूक
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vijay, Vijay TVK, TVK Congress Alliance, Vjiay Oath Ceremony, Tamil Nadu Vijay Government
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com