विज्ञापन

Exclusive: संजय राउत ने लिखा- विजय माल्या फ्रॉड नहीं थे, किताब में PM मोदी की भी जमकर तारीफ

संजय राउत ने लिखा कि बैंकों को विजय माल्या का समर्थन करना चाहिए था, लेकिन उन्हें देश छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया गया.

Exclusive: संजय राउत ने लिखा- विजय माल्या फ्रॉड नहीं थे, किताब में PM मोदी की भी जमकर तारीफ
  • उद्धव सेना के नेता संजय राउत की किताब बोध कीर्तन में विजय माल्या की तारीफ की गई है
  • संजय राउत ने लिखा कि विजय माल्या मिलनसार और देशभक्त व्यक्ति थे, जो धोखाधड़ी से परे थे
  • राउत ने विजय माल्या को भगोड़ा कहे जाने की निंदा की और बैंकों को भी दोषी माना है
मुंबई:

उद्धव सेना के सीनियर नेता संजय राउत की किताब 'बोध कीर्तन' का शनिवार को विमोचन होने वाला है. उससे पहले इस पुस्तक में उनके द्वारा लिखी सामग्री के बारे में अहम जानकारी सामने आई है. संजय राउत ने इस किताब में शराब कारोबारी और फिलहाल भारत से भागकर विदेश में बसे विजय माल्य की तारीफ की गई है. संजय राउत ने लिखा है कि किंगफिशर के मालिक विजय माल्या कभी फ्रॉड नहीं थे. उनका कहना है कि विजय माल्या मिलनसार व्यक्ति थे और कभी फ्रॉड नहीं थे. माल्या की कहानी शीर्षक से लिखे एक चैप्टर में उन्होंने इस बारे में लिखा है. 

विजय माल्या ने लिखा है कि विजय माल्या को बेहद करीब से जानते थे और संसद में उनके पास ही बैठते थे. कई बार सेंट्रल हॉल में भी उनसे चर्चा हुई थी. संजय राउत ने लिखा कि विजय माल्या ऐसे व्यक्ति थे, जिन तक पहुंचना आसान था. वह हमेशा खुश रहते थे और उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल थी. उनकी यह जीवनशैली इसलिए थी क्योंकि वह कारोबारी थे और अकसर बिजनेसमैन ऐसी ही जिंदगी जीते हैं. वह फ्रॉड नहीं थे. यही नहीं संजय राउत ने लिखा कि अन्य लोगों की तरह ही विजय माल्या में भी देशभक्ति का गहरा भाव था. इसके अलावा वह उदार, खुले विचारों वाले और किसी भी तरह की धोखाधड़ी से परे रहने वाली शख्सियत लगे थे. 

उन्होंने विजय माल्या को 'भगोड़ा' कहे जाने को भी गलत माना. संजय राउत ने लिखा कि विजय माल्या का बिजनेस डूब गया था और वह लोन चुकाए बिना ही भारत से बाहर चले गए. विजय माल्या केस में संजय राउत ने बैंकों को भी दोषी ठहराया. संजय राउत ने लिखा कि बैंकों को विजय माल्या का समर्थन करना चाहिए था, लेकिन उन्हें देश छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया गया.

'बेलआउट नहीं चाहते थे माल्या, थोड़ी सी मोहलत ही मांगी थी'

उन्होंने यह भी लिखा कि मोदी सरकार ने कई कारोबारियों पर उदारता दिखाई थी. विजय माल्या ने कुछ समय के लिए मोहलत मांगी थी. वह बेलआउट नहीं चाहते थे. इस पुस्तक में संजय राउत ने अपने निजी अनुभवों, कुछ लोगों के साथ व्यवहार और अपने लेखन का संकलन किया है. किंगफिशर एयरलाइंस के मालिक रहे विजय माल्या फिलहाल ब्रिटेन में हैं और 2016 में भारत से चले गए थे. माल्या को 2019 में भगोड़ा घोषित कर दिया गया था. फिलहाल माल्या के प्रत्यर्पण के लिए प्रयास जारी हैं.

PM मोदी के किस भाषण की संजय राउत ने की जमकर तारीफ

संजय राउत ने अपनी किताब में पीएम नरेंद्र मोदी के गैर-राजनीतिक भाषणों की भी तारीफ की है. 'दीपस्तंभ' नाम के चैप्टर में पीएम मोदी की संजय राउत ने सराहना की है. संजय राउत ने लिखा है कि पीएम मोदी के गैर-राजनीतिक भाषण यादगार रहे हैं और उन्हें सुनना एक शानदार अनुभव रहा है. अयोध्या के दीपोत्सव पर पीएम मोदी के भाषण का जिक्र करते हुए संजय राउत ने लिखा कि यह भावुक मौका था. इस दौरान पीएम ने भगवान राम के आदर्शों को सभी भारतीयों के समक्ष रखा. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vijay Mallya, Vijay Mallya News, India News, Sanjay Raut
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com