- त्रिपुरा के आशाबाड़ी इलाके में तस्करों के एक समूह ने बीएसएफ जवानों पर अचानक हमला किया जिससे तीन जवान घायल हुए.
- हमले के दौरान तस्करों ने जवानों के वाहनों में तोड़फोड़ की और हथियार छीनने का प्रयास भी किया गया.
- 49वीं बटालियन के जवानों ने तस्करों का पीछा किया था, जिसमें एक तस्कर हेफजुर रहमान को पकड़ा गया.
त्रिपुरा के बॉक्सनगर के आशाबाड़ी इलाके में तस्करों के एक ग्रुप ने बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) जवानों पर हमला कर दिया. जिसमें तीन जवान घायल हुए हैं. जवानों के वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई है. सोमवार सुबह की यह घटना बताई जा रही है, जहां आशाबाड़ी बॉर्डर आउटपोस्ट के पास कांटेदार तार वाली बॉर्डर फेंस के पास गेट नंबर 174 और 175 के पास यह हमला हुआ है. बताया जा रहा है कि तस्कर इलाके से गैर-कानूनी सामान ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी ड्यूटी पर तैनात 49वीं बटालियन के जवानों ने उनका पीछा किया और अचानक से हमला कर दिया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल और त्रिपुरा स्टेट राइफल्स को तैनात कर दिया गया है. खबर है कि हमलावरों ने घायल जवानों से हथियार छीनने की भी कोशिश की और एक सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की है.
कैसे हुआ त्रिपुरा में हमला
बताया जा रहा है कि जब बीएसएफ जवानों ने तस्करों का पीछा किया तो तस्कर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए. हालांकि BSF के जवान मौके से करीब 400 मीटर दूर एक कथित तस्कर, जिसकी पहचान हेफजुर रहमान के तौर पर हुई, को पकड़ने में कामयाब रहे. इस बीच रहीमपुर कंतमुरा BOP के तीन BSF जवान एक गाड़ी में बॉक्सनगर की ओर जा रहे थे. जैसे ही वे नाकाबंदी वाली जगह पर पहुंचे, कहा जा रहा है कि तस्करों के एक ग्रुप ने उन पर अचानक और हिंसक हमला कर दिया. हमलावरों ने जवानों पर बुरी तरह हमला किया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं हैं. सभी को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
सूत्रों के मुताबिक हमलावरों में कुछ बांग्लादेशी नागरिकों के भी शामिल की बात सामने आ रही है. जो कथित तौर पर आशाबाड़ी इलाके में रहकर बॉर्डर पार से तस्करी की गतिविधियों में शामिल थे. हालांकि इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना के बाद आशाबाड़ी BOP से BSF के और जवान मौके पर पहुंचे, जिससे हमलावरों को अलग-अलग दिशाओं में भागने पर मजबूर होना पड़ा है.
ये वीडियो भी देखिए
BSF जुटा रही जानकारी
माना जा रहा है कि हमले की जगह के सामने एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हो गई है. पुलिस और BSF के जवानों ने कथित तौर पर जांच के लिए फुटेज जुटा रही है. इसके बाद सीनियर पुलिस और BSF अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने और हमले के आस-पास के हालात का रिव्यू करने के लिए बॉक्सनगर का दौरा किया. बॉक्सानगर पुलिस घटना की जांच कर रही है और इसमें शामिल लोगों को ट्रैक कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर बॉर्डर सुरक्षा जवानों की सुरक्षा और बॉर्डर इलाके में ऑर्गनाइज्ड स्मगलिंग नेटवर्क से बढ़ते खतरे को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं.
ये भी पढे़ंः अमेरिका में वोटिंग से ठीक पहले ट्रंप ने किया ईरान पर हमला, केशम द्वीप पर कई धमाके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं