विज्ञापन

तमिलनाडु में टीवीके विधायक तोड़ने का आरोप, पुलिस ने पूर्व DMK मंत्री सेंथिल बालाजी के भाई को किया गिरफ्तार

तमिलनाडु में कथित तौर पर विजय सरकार के विधायकों को तोड़ने के आरोप में अशोक कुमार को गिरफ्तार किया है. कुमार डीएमके विधायक वी सेंथिल बालाजी के भाई हैं.

तमिलनाडु में टीवीके विधायक तोड़ने का आरोप, पुलिस ने पूर्व DMK मंत्री सेंथिल बालाजी के भाई को किया गिरफ्तार
एमएलए सेंथिल बालाजी के भाई अशोक कुमार (सबसे दाएं) गिरफ्तार
चेन्नई:

तमिलनाडु पुलिस ने पूर्व डीएमके मंत्री और कोयंबटूर दक्षिण के विधायक वी. सेंथिल बालाजी के भाई अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया था. कुमार पर आरोप है कि उन्होंने सत्ताधारी 'तमिलगा वेट्री कझगम' (टीवीके) के एक विधायक को 35 करोड़ रुपए का लालच देकर पार्टी बदलने के लिए मनाने की कोशिश की थी.

टीवीके विधायक एन. इलैयाराजा ने अशोक कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी छोड़ने के लिए उन्हें बार-बार ऑफर दिए गए और धमकियां दी गईं. इस शिकायत के बाद तमिलनाडु पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था. 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर विधायक से बातचीत की और समर्थन के बदले 35 करोड़ रुपए की पेशकश की. जांच अधिकारियों का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक नरेश ने खुलासा किया कि इलैयाराजा से संपर्क करने से पहले वह चेन्नई में अशोक कुमार से व्यक्तिगत रूप से मिला था. आरोपी नरेश ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने अशोक कुमार और सेंथिल बालाजी के कहने पर टीवीके विधायक से संपर्क किया था.

जांच के दौरान दर्ज बयानों के आधार पर पुलिस ने अशोक कुमार के खिलाफ कानून की चार धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था. जिसमें 'भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम' की धाराएं भी शामिल हैं अधिकारियों ने बताया कि जांच कई स्तरों पर चल रही है और आगे की कार्रवाई जमा किए गए सबूतों पर निर्भर करेगी. चेन्नई पुलिस ने हाल ही में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था. उन पर आरोप है कि उन्होंने टीवीके विधायक को पाला बदलने के लिए मनाकर सरकार गिराने की साजिश रची थी.

गौरतलब है कि सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को विधानसभा चुनाव में 108 सीटें हासिल हुईं। बाद में कांग्रेस और अन्य पार्टियों के समर्थन से जोसेफ विजय ने सरकार बनाई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cm Vijay, Senthil Balaji, Tamil Nadu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com