तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय का स्टारडम बुधवार को चेन्नई मेट्रो में देखने को मिला. मेट्रो संचालन का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री विजय को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक स्टेशनों पर जुट गए. स्टेशन के गलियारों, सीढ़ियों और प्लेटफॉर्म पर लोगों की भीड़ सिर्फ उनकी एक झलक पाने के लिए इंतजार करती दिखाई दी.
आम यात्री की तरह खरीदा टिकट
मुख्यमंत्री विजय ने अपनी यात्रा ओमंदूरार मेट्रो स्टेशन से शुरू की और नंदनम की ओर रवाना हुए. इस दौरान मेट्रो अधिकारियों की टीम भी उनके साथ मौजूद रही. खास बात यह रही कि उन्होंने किसी विशेष सुविधा का उपयोग नहीं किया बल्कि सीधे टिकट काउंटर पर पहुंचकर खुद टिकट खरीदा. इसके बाद वह सुरक्षा कर्मियों और अपने सहयोगियों के साथ स्टेशन के गलियारों से होकर आगे बढ़े. उनके स्टेशन पर पहुंचते ही प्रशंसकों ने तालियों और जयकारों से उनका स्वागत किया. विजय ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया.
Vijay Rides Metro For Inspection, Passengers Turn It Into Fan Meet pic.twitter.com/83GbaCMreV
— NDTV (@ndtv) July 29, 2026
यात्रियों से घुलते-मिलते नजर आए मुख्यमंत्री
मेट्रो में प्रवेश करते समय विजय ने स्वयं अपना टोकन स्वचालित गेट पर टैप किया और अन्य यात्रियों की तरह अंदर पहुंचे. ट्रेन में सफर के दौरान कई यात्रियों ने उनका स्वागत किया.
एक महिला यात्री ने उनसे मिलकर अभिवादन किया, जिस पर विजय ने मुस्कुराते हुए उसका हालचाल पूछा. उन्होंने एक छोटे बच्चे से भी बातचीत की. इसके अलावा खिड़की के पास बैठी कुछ महिला यात्रियों से भी उन्होंने बातचीत की. इस दौरान यात्री बेहद उत्साहित नजर आए और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन में इस पल को रिकॉर्ड किया.
कंट्रोल रूम का भी किया निरीक्षण
मेट्रो यात्रा के बाद मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई मेट्रो के कंट्रोल रूम का दौरा किया. यहां उन्होंने डिजिटल डिस्प्ले दीवारों पर चल रहे सिस्टम मैप, लाइव ट्रांजिट ग्राफिक्स और सीसीटीवी मॉनिटरिंग व्यवस्था की जानकारी ली. अधिकारियों ने उन्हें मेट्रो संचालन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराया. मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा बल्कि आम यात्रियों और प्रशंसकों के साथ उनके सहज व्यवहार ने भी लोगों का दिल जीत लिया.
यह भी पढ़ें- Explainer: 582 टन का मैग्नेट और सूर्य से अधिक प्लाज्मा, क्या चीन आर्टिफिशियल सूरज बना रहा है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं