- टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
- मामले में तीन आरोपी राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किए गए और चार आरोपी दिल्ली से उठाए गए.
- तीनों मुख्य आरोपियों को आज यानी बुधवार को मुंबई लाया गया. उनसे पूछताछ की जा रही है.
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में लगातार अपडेट्स आ रहे हैं. अब इस मामले में हथियार सप्लाई करने वाले सिंडिकेट पर बड़ा खुलासा हुआ है. आरोपियों को डेड लेटर बॉक्स के जरिए हथियार मिले थे. डेड लेटर बॉक्स यानी एक ऐसी लोकेशन, जहां कोई पहले हथियार रख देता और बाद में कोई अन्य शख्स उस जगह से हथियार उठा लेता है. मामले में मुख्य आरोपियों के तौर पर ऋतिक, रेहान और फूल सिंह को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, हमले की साजिश के आरोप में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार लोगों- कुणाल, सुमित, राधा और बबीता को गिरफ्तार किया और मुंबई पुलिस को सौंप दिया.
हथियार लेने अमृतसर गए थे आरोपी...
जानकारी सामने आई है कि मामले में आरोपी कुणाल और सुमित करीब 2 हफ्ते पहले अमृतसर हथियार लेने गए थे. जिस लोकेशन पर हथियार रखे थे, वो लोकेशन अनिल पंडित ने उन्हें पहले से भेज दी थी.
कुणाल और सुमित को नहीं पता कि आखिर वहां पर हथियार किसने रखे थे. कुणाल और सुमित को अनिल पंडित ने इस काम के लिए 70 से 80 हजार रुपए दिए थे. इसमें से 10 से 12 हजार रुपए इन लोगों ने दो महिलाओं बबीता और राधा को दिए थे.
इसके बाद कुणाल इंक्रिप्टेड ऐप के जरिए अनिल पंडित से बातचीत करने लगा. करीब दो हफ्ते पहले अनिल पंडित ने कुणाल को अमृतसर से हथियार लाने और फिर मुंबई पहुंचने का टास्क दिया था. इसके बाद, कुणाल ने हथियार पहुंचाने के लिए कुरियर के तौर अपनी गर्लफ्रेंड राधा का इस्तेमाल किया.
राधा और बबीता सोनीपत की फैक्ट्री में काम करती है. राधा से कुणाल की मुलाकात करीब 2 महीने पहले हुई थी. कुणाल के कहने पर ही राधा, बबीता के साथ हथियार लेकर मुंबई पहुंची.
यह भी पढ़ें | टाइगर श्रॉफ पर हमला, निशाने पर थे सलमान खान; घर की हुई थी रेकी, अब गैलेक्सी अपार्टमेंट की सुरक्षा और सख्त
यह भी पढ़ें | टाइगर श्रॉफ फायरिंग: कोटा से मुंबई लाए गए तीनों आरोपी, रास्ते में 4 बार क्यों बदली गई गाड़ी?
यह भी पढ़ें | पुलिस तैनात ना होती तो टाइगर श्रॉफ की जगह सलमान खान पर चलने वाली थी गोलियां! पूछताछ में बताई चौंकाने वाली बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं