दिल्ली में बारिश ने एक बार फिर इंतजामों की पोल खोल दी है. दक्षिण दिल्ली के संगम विहार से बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है. यहां हमदर्द पब्लिक स्कूल की दीवार बारिश के बीच गिर गई. जिस वक्त ये दीवार गिरी, उस वक्त स्कूल में बड़ी संख्या में छोटे बच्चे मौजूद थे. सबसे बड़ी बात ये कि तेज बारिश के बाद सड़क और नालों का पानी स्कूल परिसर में घुस चुका था.
ये तस्वीरें संगम विहार के हमदर्द पब्लिक स्कूल की हैं. तेज बारिश के बाद स्कूल परिसर में पानी भर गया और इसी बीच स्कूल की दीवार का एक हिस्सा अचानक गिर गया. जिस वक्त ये घटना हुई, उस समय स्कूल के अंदर हजारों बच्चे मौजूद थे. ऐसे में दीवार गिरने की घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बारिश इतनी तेज थी कि सड़क और नालों का पानी स्कूल परिसर तक पहुंच गया. स्कूल के आसपास पानी जमा हो गया और इसी दौरान दीवार भरभराकर नीचे आ गिरी. गनीमत रही कि फिलहाल किसी बच्चे के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है.
लेकिन सवाल कई हैं. आखिर स्कूल की दीवार इतनी कमजोर कैसे हुई कि बारिश के बीच गिर गई? क्या मानसून से पहले स्कूल की इमारत और चारदीवारी की सुरक्षा जांची गई थी? और जब स्कूल परिसर में पानी भरने लगा था, तब बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे?
संगम विहार में बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या लगातार सामने आती रही है. लेकिन इस बार मामला एक स्कूल तक पहुंच गया है, जहां बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ते हैं. सड़क और नालों का पानी स्कूल के अंदर पहुंचना और उसके बाद दीवार गिरना बताता है कि हालात कितने गंभीर थे.
फिलहाल किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटना ने दिल्ली में बारिश के दौरान स्कूलों की सुरक्षा और जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें- भारी बारिश के बीच गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं