विज्ञापन

ट्रांसफार्मर चुराने गए थे चोर, धान के खेत में फंसी गाड़ी और फिर...

ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी शनिवार देर रात कार में हरजिंदर सिंह के खेत में पहुंचे थे. उनका कथित तौर पर खेत में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर को खोलकर चोरी करने का इरादा था.

ट्रांसफार्मर चुराने गए थे चोर, धान के खेत में फंसी गाड़ी और फिर...
चोरी की गाड़ी फंसी
NDTV

मोगा के गांव तख्तूपुरा में ट्रांसफार्मर चोरी करने पहुंचे चोरों की योजना उस समय फेल हो गई, जब उनकी कार धान के खेत में कीचड़ और पानी में बुरी तरह फंस गई. कार को निकालने के लिए सुबह भारी-भरकम रिकवरी ट्रक लेकर पहुंचे बदमाशों का ट्रक भी खेत में धंस गया. दोनों वाहन खेत में फंसे देखकर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

स्थानीय किसान हरजिंदर सिंह की शिकायत पर निहाल सिंह वाला पुलिस ने तीन आरोपियों-बरनाला जिले के अलकड़ा गांव निवासी लवप्रीत सिंह, मोगा के खोटे गांव निवासी जसदीप सिंह और बठिंडा के गोनेआना निवासी वकील सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी शनिवार देर रात कार में हरजिंदर सिंह के खेत में पहुंचे थे. उनका कथित तौर पर खेत में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर को खोलकर चोरी करने का इरादा था. इसी दौरान कार पानी और कीचड़ से भरे खेत में फंस गई. काफी कोशिश के बावजूद कार बाहर नहीं निकल सकी तो आरोपी उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए.

आरोपियों ने सुबह दोबारा लौटकर कार को निकालने के लिए एक भारी रिकवरी ट्रक बुलाया, लेकिन इस बार ट्रक भी नरम मिट्टी और कीचड़ में धंस गया. कार और ट्रक दोनों को खेत में फंसा देखकर आसपास के किसान मौके पर पहुंच गए. आरोपियों ने ग्रामीणों को अलग-अलग बातें बताकर गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन उनकी बातों पर ग्रामीणों को शक हो गया.

ग्रामीणों ने पूछताछ की तो ट्रांसफार्मर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया. इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी लवप्रीत सिंह को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है.

पुलिस के अनुसार, मामले में फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ग्रामीण इलाकों में बिजली के ट्रांसफार्मर और अन्य बिजली उपकरणों की चोरी की पहले हुई घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं.

इस मामले में डीएसपी निहाल सिंह वाला अनवर अली ने फोन पर बताया कि इस मामले में तीन लोगों पर मामला दर्ज किया गया. एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया बाकी दो की तलाश जारी है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab News, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com