जापान में शराब सिर्फ एक ड्रिंक नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और आधुनिक बिजनेस लाइफस्टाइल का हिस्सा है. मगर जापान की सबसे महंगी शराब कौन सी है और इसकी एक बोतल कितने में बिकी, ये जानकर आप चौंक जाएंगे. जापान की अब तक की सबसे महंगी शराब को इसी साल मई में करीब 8 करोड़ रुपये (953,237 डॉलर) में नीलाम किया गया. अंतरराष्ट्रीय नीलामी घर ब्रिटिश ऑक्शन हाउस बॉनहैम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 'द यामाजाकी 55-इयर-ओल्ड सिंगल माल्ट व्हिस्की' (The Yamazaki 55-Year-Old Single Malt Whisky) ने नीलामी में रिकॉर्ड बनाया है. जून में भी हांगकांग की एक नीलामी में यामाजाकी 50-इयर ओल्ड का एक स्पेशल वैरिएंट 10 लाख मिलियन (करीब 8.7 करोड़ रुपये) में बिकी.
जापान की व्हिस्की की खासियत
जापान की इस व्हिस्की को 1960 के दशक में संटोरी कंपनी के मालिक शिनजिरो तोरी की देखरेख में बनाया गया था. 55 साल से ज्यादा वक्त तक इसे सहेज कर रखा गया. इस शराब को जापानी ओक के पेड़ों से बने मिजुनारा (Mizunara) कास्क में पकाया गया था. मिज़ुनारा की लकड़ी दुर्लभ होती है. यह व्हिस्की को एक अनोखी चंदन और अगरबत्ती जैसी खास जापानी सुगंध देती है, जो दुनिया में कहीं और नहीं मिलती.
- यामाजाकी 55 की पूरी दुनिया में सिर्फ 200 बोतल ही लॉन्च
- करोड़ों में बिकती है यामाजाकी व्हिस्की की एक बोतल
- ब्लैक मिज़ुनारा लकड़ी के बॉक्स में रखते हैं ये शराब
यामाजाकी की 200 बोतलें ही लॉन्च
जापान टाइम्स के अनुसार, जापानी व्हिस्की यामाजाकी 55 बेहद दुर्लभ है. यामाजाकी 55 की पूरी दुनिया में सिर्फ 200 बोतल ही लॉन्च की गई थीं. यह दुनिया की सबसे कीमती और बहुमूल्य शराब में से एक है. इसकी बोतल पर सोने का पानी चढ़ा होता है, इसे ब्लैक मिज़ुनारा लकड़ी के बॉक्स में रखते हैं. इसे पारंपरिक जापानी इचिजेन वाशी पेपर से लपेटा जाता है, ताकि ये खराब न हो और सालोंसाल इसका स्वाद बना रहे.
ये भी पढ़ें - प्यास बुझाने के लिए पी रहे हैं ठंडी बीयर? एक्सपर्ट बोले- इससे शरीर में बढ़ सकती है पानी की कमी
जापान में नोमिनिकेशन
जापान में Nomu (पीना) और Communication को मिलाकर नोमिनिकेशन शब्द बना है. कारपोरेट जगत में ऑफिस के बाद बॉस और अन्य कर्मचारी के साथ ड्रिंक्स पर जाना कल्चर बन गया है. इसके समर्थक कहते हैं कि इससे बिजनेस डील और टीम बॉन्डिंग मजबूत होती है.
जापान में बीयर बेहद लोकप्रिय
जापान में बियर सबसे लोकप्रिय ड्रिंक है. व्हिस्की और सोडा का मिक्सचर हाइबॉल भी जापानी बार-रेस्टोरेंट में खूब बिकती है. चावल से बनने वाली जापान की पारंपरिक वाइन साइके भी वर्ल्ड में जापान की पहचान है. शोचू (जापानी स्पिरिट) और फ्लेवर्ड फ्रूट जूस से बनी च्यू-हाई बेहद लोकप्रिय कैन ड्रिंक है.
नई पीढ़ी की सोच में बदलाव
जापान की नई पीढ़ी में जेनजी शराब से दूरी बना रहे हैं. जापान के नेशनल टैक्स एजेंसी (NTA) के सर्वे के मुताबिक, करीब 40-44 फीसदी युवा शराब बिल्कुल नहीं पीते. वो ऐसे कारपोरेट कल्चर से नहीं जुड़ना चाहते. जापान में लो-अल्कोहल या नो-अल्कोहल बियर और कॉकटेल का चलन बढ़ा है. हालांकि अभी भी जापानी सस्ती शराब के बजाय महंगी, प्रीमियम और हाई क्वालिटी व्हिस्की या साके पर ज्यादा खर्च करते हैं.
ये भी पढ़ें - Liquor Bottles: शराब की खाली बोतल लौटाओ, 10 रुपए पाओ? कहां लगी है ये अनोखी मशीन?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं