चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक् षमल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी का संज्ञान लिया है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री को “आतंकवादी” कहा.चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन का मामला मानते हुए आयोग ने खड़गे को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा है. सूत्रों के अनुसार, सार्वजनिक चुनाव प्रचार के दौरान मर्यादा बनाए रखने के संदर्भ में आयोग इस मामले को गंभीरता से देख रहा है.
इससे पहले दिन में, बीजेपी ने आयोग से मुलाकात कर कांग्रेस नेता के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. बीजेपी के एक वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल, जिसमें केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमन, किरेन रिजिजू , अर्जुन राम मेघवाल समेत अन्य नेताओं ने चुनाव आयोग से मुलाक़ात कर एक औपचारिक शिकायत की थी.आयोग से मिलने के बाद रिजिजू ने खड़गे के बयान को “चौंकाने वाला” और भारतीय राजनीति में “अभूतपूर्व” बताया. उन्होंने कहा कि हमें चुनाव आयोग पर पूरा भरोसा है। हम उचित और कड़ी कार्रवाई की उम्मीद करते हैं. इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा को कम करती है.
दरअसल, तमिलनाडु में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान खड़गे में प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ यह टिप्पणी की थी. हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष ने बाद में स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला जा रहा है. उन्होंने कहा कि उनका इशारा “टैक्स आतंकवाद” और विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग की ओर था, न कि प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहना.
आपको बता दें कि खरगे के इस विवादित बयान के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस की कड़ी आलोचना करते हुए कहा था कि विपक्षी दल के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने PM मोदी को 'आतंकवादी' कहकर ‘सार्वजनिक आचरण की सभी सीमाएं लांघ' दी है और देश को शर्मिंदा' किया है. उन्होंने कहा कि आतंकवाद का खात्मा करने वाले नरेंद्र मोदी जी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आतंकवादी कह रहे हैं.
दमदम उत्तर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि राहुल बाबा के आसपास रहने से खरगे जी की भाषा भी बिगड़ने लगी है. सुनो, राहुल बाबा... मोदी जी पर जितनी गालियां बरसाओगे, जितना कीचड़ उछालोगे, कमल उतना ही अधिक शान से खिलेगा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि आज मैं तुम्हें यह बताने आया हूं, राहुल बाबा, कि तमिलनाडु में तुम दो अंकों का आंकड़ा पार नहीं कर पाओगे, पुडुचेरी में तो दो अंकों का आंकड़ा पार करना नामुमकिन है, बंगाल में खाता खोलना भी तुम्हारे लिए सौभाग्य की बात होगी और असम में कांग्रेस को अब तक की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: खरगे के 'आतंकी' वाले बयान की शिकायत करने चुनाव आयोग पहुंचा बीजेपी डेलिगेशन, कांग्रेस से माफी की मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं