तेलंगाना के करीमनगर में ऑनलाइन जुआ (Online Gambling) और सट्टेबाजी की लत के चलते 21 वर्षीय एक डिग्री छात्र द्वारा अपहरण, लूट और हत्या के प्रयास का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित 55 वर्षीय तंगराला लक्ष्मी 1 जुलाई को लेबर अड्डे पर काम के इंतजार में खड़ी थीं, तभी आरोपी ने अपने खेत पर काम देने के बहाने उन्हें बुलाया. आरोपी महिला को पहले रैपिडो बाइक से और फिर अपनी मोटरसाइकिल से एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने महिला से सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूट ली.
पहचान छिपाने के लिए कुएं में धकेला
लूटपाट करने के बाद आरोपी को डर था कि महिला उसे पहचान लेगी, इसलिए उसने पहचान छिपाने के उद्देश्य से लक्ष्मी को एक गहरे कृषि कुएं में धकेल दिया. पुलिस कमिश्नर गौस आलम के अनुसार, जब आरोपी ने देखा कि महिला कुएं के अंदर एक रस्सी के सहारे टिकी हुई है, तो उसने जान से मारने की नीयत से उस रस्सी को भी काट दिया.
21 घंटे कुएं में मौत से जंग
रस्सी कटने के बाद भी लक्ष्मी ने हार नहीं मानी. तैरना जानने के कारण वह पानी में संभल गईं और मोटर पाइपलाइन से जुड़ी दूसरी केबल को पकड़कर पूरी रात लटकी रहीं. सुनसान इलाका होने के कारण रात में उनकी आवाज किसी तक नहीं पहुंची. लगभग 21 घंटे तक मौत से जंग लड़ने के बाद, अगले दिन सुबह स्थानीय किसानों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी.
तकनीकी सबूतों से पकड़ा गया आरोपी
शुरुआत में पुलिस ने इसे गुमशुदगी का सामान्य मामला दर्ज किया था, लेकिन महिला के रेस्क्यू होने के बाद पूरी कहानी साफ हुई. पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने रैपिडो बुकिंग रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन जैसे तकनीकी सबूतों की मदद से आरोपी धम्मा दिनेश रेड्डी ( 21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है.
ये भी पढ़ें: ये है मध्य प्रदेश का सबसे छोटा गांव, जिनकी खूबसूरती जन्नत से कम नहीं... विदेशी भी हैं इसके दीवाने
ये भी पढ़ें: किसान ने बांस के खेत को बना दिया टूरिस्ट स्पॉट: घूमने की फीस 50 रु, कपल 2100 में करा रहे प्री वेडिंग शूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं