तेलंगाना की करीमनगर पुलिस ने एक हत्याकांड की गुत्थी को 24 घंटे में सुलझा लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने हत्या करने के तरीके यूट्यूब पर खोजे थे. आरोपी की पहचान मदिपल्ली गांव निवासी बंगारापु महेश के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, अंकुशापुर गांव का रहने वाला पितारी मोगिली (52) खेती-मजदूरी करता था. वह पिछले साल दुष्कर्म की कोशिश के आरोप में जेल भी गया था. उसके खिलाफ एक शादीशुदा महिला ने केस दर्ज कराया था. आरोप है कि जेल से छूटने के बाद भी उसने महिला को प्रताड़ित करना जारी रखा और महेश को भी परेशान करता था, क्योंकि महिला के महेश से अवैध संबंध थे.
दोनों के संबंधों के बारे बातें फैलाईं
आरोप है मोगिली ने महेश और महिला के संबंधों के बारे में आसपास के गांववालों को भी बताया, जिस वजह से दोनों के परिवार के बीच झगड़ा होने लगा था.
पुलिस ने बताया कि मोगिली की इस हरकत और बार-बार प्रताड़ित करने की आदत से परेशान होकर महेश ने उसे मारने का फैसला किया. हत्या करने के लिए YouTube पर वीडियो देखकर योजना बनाई.
मरने तक लोहे की रॉड से मारता रहा
हुजुराबाद की ACP माधवी ने कहा कि शनिवार रात मदिपल्ली गांव में पीरीला (मुहर्रम) में शामिल होने के बाद मोगिली साइकिल से घर लौट रहा था और महेश ने एक पुलिया के पास उसका इंतजार कर रहा था. जब वह उसके नजदीक से गुजरा तभी उसने पीछे से लोहे की रॉड से हमला कर दिया. उसने सिर पर कई बार वार किए और उसके मरने के तक वार करता रहा. मरने के बाद वह घर लौटा और खून से सने कपड़े बदलकर भाग गया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पूछताछ के दौरान महेश ने हत्या की बात कबूल कर ली. पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, YouTube सर्च हिस्ट्री वाला उसका मोबाइल फोन, उसकी टू-व्हीलर और अपराध के समय पहने गए कपड़े बरामद किए.
ये भी पढ़ें- हैदराबाद में 40 साल के मुजीब ने की आत्महत्या, परिवार बोला- SIR की वजह से चिंता में थे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं