Telangana ACB Raid: सरकारी सिस्टम में करप्शन पर लगातार नकेल कसी जा रही है. लेकिन इसके बाद भी घूसखोरी की जड़े इतनी गहरी है कि खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. सरकारी अधिकारियों की रिश्वतखोरी की अवैध कमाई की कहानी पूरे भारत से सामने आती है. ताजा उदाहरण तेलंगाना से सामने आया है. जहां एंटी करप्शन ब्यूरो ने एक सरकारी इंजीनियर के ठिकानों पर जांच की तो वह 150 करोड़ से अधिक की संपत्ति का मालिक निकला. इंजीनियर के ठिकानों से 10 अपार्टमेंट, प्राइम प्रॉपर्टी, 2 किलो सोना, लग्जरी कारें और कीमती विदेशी शराब की बोतलों का जखीरा मिला है. जांच के बाद ACB ने पुष्टि की है कि सरकारी इंजीनियर के पास से 150 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति मिली.
REDCO का डिविजनल इंजीनियर निकला धनकुबेर
दरअसल तेलंगाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नवीकरणीय ऊर्जा विकास निगम (REDCO) खैरताबाद हैदराबाद में तैनात डिविजनल इंजीनियर मुत्यम वेंकट रमणा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है. ACB ने बुधवार को उनके आवास, कार्यालय और रिश्तेदारों, सहयोगियों तथा कथित बेनामी व्यक्तियों से जुड़े सात अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.
तलाशी के दौरान अधिकारियों को रमणा की ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति मिलने का दावा किया गया. ACB के अनुसार, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत जांच शुरू की गई, क्योंकि प्रारंभिक साक्ष्य से संकेत मिले कि उन्होंने सरकारी सेवा के दौरान भ्रष्ट तरीकों से भारी संपत्ति अर्जित की.

इंजीनियर के घर पर तलाशी अभियान चलाते ACB के अधिकारी.
Photo Credit: NDTV
इंजीनियर के कई जगहों पर मिले करोड़ों के फ्लैट
जांच में सेरिलिंगमपल्ली और कुकटपल्ली में चार आवासीय फ्लैट मिले, जिनकी पंजीकृत कीमत 1.23 करोड़ रुपये है. इसके अलावा कुकटपल्ली के अंजनेया नगर में 160 वर्ग गज क्षेत्र में निर्मित G+3 व्यावसायिक भवन मिला, जिसकी आधिकारिक कीमत 1.82 करोड़ रुपये आंकी गई है. वहीं सेरिलिंगमपल्ली के गुट्टाला बेगमपेट में 250 वर्ग गज क्षेत्र में बना G+5 व्यावसायिक भवन मिला, जिसका आधिकारिक मूल्य 2.90 करोड़ रुपये बताया गया.
पत्नी के नाम पर रियल एस्टेट में बड़ा निवेश
ACB ने पाया कि रमणा ने अपनी पत्नी के नाम पर पंजीकृत चार निर्माण कंपनियों के माध्यम से रियल एस्टेट और निर्माण क्षेत्र में बड़े निवेश किए थे. जांचकर्ताओं के मुताबिक, उन्होंने अंजनेया नगर, मूसापेट में निर्माणाधीन 10 आवासीय अपार्टमेंट विकसित किए हैं, जिनमें लगभग 20 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है.

एसीबी रेड में इंजीनियर के घर से मिली महंगी विदेशी शराब की बोतलें.
Photo Credit: NDTV
4 करोड़ रुपए की कीमत का 2 किलो से अधिक सोना भी मिला
अचल संपत्तियों के अलावा अधिकारियों को 52.02 लाख रुपये की बैंक जमा राशि, लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य के 2.094 किलोग्राम सोने के आभूषण, करीब 45 लाख रुपये मूल्य की तीन गाड़ियां (किआ, महिंद्रा और मारुति बलेनो), 30 लाख रुपये के घरेलू सामान व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा लगभग 2.5 लाख रुपये मूल्य की 20 शराब की बोतलें भी मिलीं.
100 से 150 करोड़ की संपत्ति का मालिक निकला इंजीनियर
ACB ने बरामद संपत्तियों का आधिकारिक मूल्य 27.65 करोड़ रुपये आंका है. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि अन्य संपत्तियों और निवेशों की पहचान के लिए जांच जारी है. रियल एस्टेट विशेषज्ञों का अनुमान है कि मौजूदा बाजार मूल्य के आधार पर इन संपत्तियों की कुल कीमत लगभग 100 से 150 करोड़ रुपये हो सकती है.

इंजीनियर के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाते अधिकारी.
2019 में 25 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया था इंजीनियर रमणा
दिलचस्प बात यह है कि ACB ने यह भी पाया कि रमणा पहले 12 दिसंबर 2019 को एक ट्रैप मामले में पकड़े जा चुके हैं. उस समय वे साइबर सिटी सर्किल, हैदराबाद में सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (ऑपरेशंस) कार्यालय में डिविजनल इंजीनियर (टेक्निकल) के पद पर कार्यरत थे. उन पर अंतिम अनुमान स्वीकृति के लिए 25,000 रुपये की रिश्वत लेने का आरोप था.
उस मामले में की गई तलाशी के दौरान अधिकारियों ने 26.52 लाख रुपये नकद और 22.60 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए थे. बाद में उनके खिलाफ आरोपपत्र भी दाखिल किया गया था.
इंजीनियर की काली कमाई के खिलाफ चल रही आगे की जांच
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत के लिए हैदराबाद स्थित SPE एवं ACB मामलों की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा. आय से अधिक संपत्ति का यह मामला अभी जांच के अधीन है और अधिकारी वित्तीय लेनदेन, बेनामी संपत्तियों तथा आरोपी और उसके सहयोगियों से जुड़े अन्य संभावित निवेशों की जांच कर रहे हैं.
यह भी पढे़ं - वाराणसी GST डिप्टी कमिश्नर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, सिविल ड्रेस में 4 महिला दारोगा ने बीच सड़क पकड़ा, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं