तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को लेकर विधानसभा में की गई टिप्पणी पर हो रही राजनीति रुकने का नाम नहीं ले रही है. डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने विजय की टिप्पणियों का जवाब दिया है. सीएम विजय ने विधानसभा में स्टालिन की गैरमौजूदगी पर टिप्पणी करते हुए उदयनिधि से पूछा था कि आपके पिता कहां है. उन्होंने विधानसभा चुनाव में मिली डीएमके की हार का मजाक भी उड़ाया था.
एमके स्टालिन ने कैसे बोला हमला
तिरुवरुर में आयोजित एक कार्यक्रम में स्टालिन ने गुरुवार को कहा,''मुख्यमंत्री ने पूछा है,'आपके पिता कहां हैं? वे हमें दिखाई नहीं देते.' मैं विधानसभा में मौजूद रहूं या न रहूं, मैं लोगों के दिलों में बसा हुआ हूं. अगर आप मुझे फोर्ट सेंट जॉर्ज (सचिवालय) में देखना चाहते हैं, तो कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी फाइलें देखें, उनमें 'कलैगनार अधिकार पात्रता योजना' भी शामिल है, वहीं पर यह स्टालिन मिलेगा.''
मुख्यमंत्री विजय ने राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा के दौरान यह टिप्पणी की थी. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए विधानसभा से स्टालिन की अनुपस्थिति का परोक्ष रूप से मजाक उड़ाया था. उनके इस काम की राज्य के कई नेताओं ने मजाक उड़ाया था. अपने भाषण के दौरान, विजय ने हाथ के एक ऐसे इशारे की नकल भी की जो स्टालिन की पहचान बन चुका है और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
उदयनिधि ने ऐसे दिया था जवाब
इससे पहले उदयनिधि ने भी विजय के सवाल का जवाब दिया था. उन्होंने विजय का नाम लिए बिना कहा था कि चेंगलपट्टू कोर्ट में एक पत्नी अपने पति को खोज रही है.उन्होंने कहा कि पूरे तमिलनाडु को चेंगलपट्टू कोर्ट में पति को खोज रही पत्नी की कहानी पता है और मुख्यमंत्री को अब अभिनेता की जगह मुख्यमंत्री की भूमिका में आना चाहिए.माना जा रहा है कि उदयनिधि की टिप्पणी विजय और उनकी अलग रह रही पत्नी संगीता सोर्नालिंगम को लेकर थी. संगीता ने पिछले साल दिसंबर में तलाक की याचिका दायर की थी. उनकी याचिका पर चेंगलपट्टू की परिवार कल्याण अदालत सुनवाई कर रही है.
इस साल अप्रैल-मई में कराए गए तमिलनाडु विधानसभा के चुनाव में एमके स्टालिन को हार का सामना करना पड़ा था.कोलाथूर विधानसभा सीट पर उन्हें विजय की पार्टी के टीवीके के उम्मीदवार वीएस बाबू ने करीब नौ हजार वोटों से हराया था.
ये भी पढ़ें: अब छोटी गलतियों पर जेल नहीं, सिर्फ लगेगा जुर्माना: केंद्र सरकार ने क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट में किया बदलाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं