विज्ञापन

तमिलनाडु में सियासी घमासान! राज्यपाल ने विजय से मांगा बहुमत का सबूत, TVK अब जा सकती है कोर्ट

राज्यपाल अर्लेकर ने विजय से 118 विधायकों के समर्थन पत्र पेश करने को कहा. खबरों के मुताबिक, राज्यपाल ने साफ कर दिया कि आवश्यक संख्या के समर्थन पत्रों के बिना विजय को शपथ लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

तमिलनाडु में सियासी घमासान! राज्यपाल ने विजय से मांगा बहुमत का सबूत, TVK अब जा सकती है कोर्ट
  • तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर बहुमत के समर्थन को लेकर संतुष्टि प्राप्त नहीं की है.
  • राज्यपाल ने विजय से 118 विधायकों के समर्थन पत्र प्रस्तुत करने को कहा और 113 के समर्थन को अस्वीकार किया है.
  • विजय सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है क्योंकि आवश्यक बहुमत के आंकड़े पूरे नहीं हुए हैं.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

तमिलनाडु में ‘विजय सरकार' के शपथ ग्रहण को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है. मामला बहुमत के आंकड़ों पर अटक गया है. टीवीके प्रमुख विजय ने राज्यपाल से मुलाकात जरूर की, लेकिन वह उन्हें अपने पक्ष में बहुमत को लेकर संतुष्ट करने में सफल नहीं हो सके. सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि विजय द्वारा पेश किया गया प्रस्ताव राज्यपाल को संतोषजनक नहीं लगा. इसके बाद आज सुबह दोनों के बीच दोबारा मुलाकात हुई, जिसमें राज्यपाल ने विजय से सरकार चलाने की संख्या को लेकर कई सवाल पूछे.

सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल ने विशेष रूप से इस बात पर आपत्ति जताई कि केवल 113 विधायकों के समर्थन से सरकार कैसे स्थिर रूप से चलाई जाएगी. बैठक के अंत में अर्लेकर ने विजय से 118 विधायकों के समर्थन पत्र पेश करने को कहा. खबरों के मुताबिक, राज्यपाल ने साफ कर दिया कि आवश्यक संख्या के समर्थन पत्रों के बिना विजय को शपथ लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

इस बीच, टीवीके (TVK) ने इस पूरे गतिरोध पर चिंता जाहिर की है. पार्टी की ओर से संकेत दिए गए हैं कि वह राज्यपाल के समक्ष अपने मौजूदा अल्पमत के दावे को मान्यता दिलाने के लिए कानूनी विकल्प अपनाने के अधिकार को सुरक्षित रखती है.

बहुमत जुटाने की कोशिशों के तहत बुधवार को टीवीके नेताओं ने विभिन्न राजनीतिक दलों से बातचीत तेज कर दी. पार्टी के महासचिव सीटीआर निर्मल कुमार ने वामपंथी दलों के राज्य सचिवों से मुलाकात कर समर्थन मांगा. वहीं टीवीके प्रतिनिधि अरुणराज और मुस्तफा ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कादर मोहिद्दीन से मुलाकात कर पार्टी का समर्थन मांगा.

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करते हुए टीवीके को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का आह्वान किया, क्योंकि वह त्रिशंकु विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है.

बता दें कि तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है, लेकिन पार्टी अभी बहुमत के आंकड़े से पीछे है. सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 सीटों के आंकड़े तक पहुंचने के लिए टीवीके को अभी और विधायकों का समर्थन जुटाना होगा. चुनाव परिणामों में पीएमके को चार सीटें हासिल हुई हैं, जबकि आईयूएमएल, भाकपा, माकपा और वीसीके को दो‑दो सीटें मिली हैं.

ये भी पढे़ं :'विजय को एक मौका दिया जाना चाहिए...', तमिलनाडु में टीवीके को समर्थन देने पर बोले डी राजा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com