दिल्ली की चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने देश भर के सरकारी कार्यालयों, वरिष्ठ अधिकारियों और नामी संस्थानों को फर्जी व धमकी भरे ईमेल भेजने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला पिछले कई महीनों से लगातार ऐसे ईमेल भेज रही थी, जिसके कारण सरकारी एजेंसियों और सुरक्षा विभागों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ था.
9 फरवरी से अब तक भेजे 200 से ज्यादा ईमेल
दिल्ली पुलिस की तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि महिला ने 9 फरवरी 2026 से लेकर अब तक 200 से भी अधिक फर्जी ईमेल भेजे थे. इन ईमेल्स में हाई-प्रोफाइल लोकेशंस पर बम होने की झूठी खबरें, ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप, भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें और अरावली क्षेत्र से संबंधित मुद्दों समेत कई तरह की धमकियां दी जाती थीं.
टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पकड़ी गई आरोपी
जानकारी के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उस ईमेल आईडी से लिंक्ड मोबाइल नंबर को ट्रेस करना शुरू किया. आरोपी का मोबाइल फोन ज्यादातर समय बंद रहता था, लेकिन पुलिस की टीमें तकनीकी निगरानी के जरिए लगातार उसका पीछा कर रही थीं.
नई दिल्ली के डीसीपी के अनुसार, 18 जून को पुलिस को एक और धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद जांच की रफ्तार और तेज कर दी गई. इसके बाद 21 जून को टेक्निकल सर्विलांस से पता चला कि संदिग्ध महिला नई दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब के पास मौजूद है. सूचना मिलते ही चाणक्यपुरी थाने की पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसी शाम महिला को गुरुद्वारा बंगला साहिब के बाहर से गिरफ्तार कर लिया.
अहमदाबाद की रहने वाली है आरोपी
पकड़ी गई आरोपी महिला की पहचान 41 वर्षीय सीमा लोहुमी के रूप में हुई है, जो गुजरात के अहमदाबाद जिले के किशापुर इलाके की निवासी है. नई दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि चाणक्यपुरी थाने में हुई पूछताछ के दौरान इस बात की पुष्टि हो गई कि वही लंबे समय से ये सभी ईमेल भेज रही थी. वहीं, महिला के परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के मुताबिक, फिलहाल उसका इलाज भी चल रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं