विज्ञापन

कौन थे चंद्रनाथ रथ? एयरफोर्स से VRS लेकर बने सुवेंदु के PA, पहले TMC से जुड़ा था परिवार, हत्या से बवाल

Suvendu Adhikari PA Murder Case: PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के बारे में BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि यह एक सोची-समझी हत्या है और DGP ने भी यही कहा है. 2-3 दिनों तक रेकी की गई थी और हत्या की पूरी योजना बनाई गई थी.

सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या.
  • बंगाल चुनाव परिणाम के दो दिन बाद BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
  • चंद्रनाथ की हत्या के आरोप TMC के कार्यकर्ताओं पर लगाए गए हैं और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
  • चंद्रनाथ रथ पहले वायुसेना में कार्यरत थे. बाद में राजनीतिक समन्वय व प्रशासनिक जिम्मेदारियों में सक्रिय हुए थे.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलकाता:

Chandranath Rath Murder Case: बंगाल में विधनासभा चुनाव के नतीजे आने के दो दिन बाद ही भाजपा के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. चंद्रनाथ की हत्या से बंगाल में नई सरकार बनने से पहले नया बवाल शुरू हो गया है. मिली जानकारी के अनुसार उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम (बरासत क्षेत्र) में बीती रात चंद्रनाथ को गोली मारी गई. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पास के डायवर्सिटी नर्सिंग होम ले जाया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. 

चंद्रनाथ की हत्या का आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है. वारदात की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुट गई है और हमलावरों की तलाश जारी है. गुरुवार सुबह भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बारासात अस्पताल लाया गया है.

सुवेंदु अधिकारी बोले- यह सोची-समझी हत्या

PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के बारे में BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि यह एक सोची-समझी हत्या है और DGP ने भी यही कहा है. 2-3 दिनों तक रेकी की गई थी और हत्या की पूरी योजना बनाई गई थी. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. हम शोक में हैं और इस घटना की निंदा करने के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं. 

पुलिस को कुछ सबूत मिले, जांच जारी

भाजपा नेता ने आगे कहा कि दिल्ली से हमारे पूरे नेतृत्व ने इस बारे में जानकारी ली है. केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने मृतक के परिवार और पुलिस से बात की है. विभिन्न नेता और चुने हुए विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से यहां आए हैं. पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं और वे जांच करेंगे.

पहले वायुसेना में नौकरी कर चुके थे चंद्रनाथ रथ

सुवेंदु के पीए चंद्रनाथ रथ पहले वायुसेना में थे. वायुसेना से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने कुछ दिनों के लिए कॉर्पोरेट सेक्टर में काम किया. इसके बाद वे धीरे-धीरे राजनीतिक समन्वय और प्रशासनिक जिम्मेदारियों में आगे बढ़े. 2019 में जब सुवेंदु अधिकारी ममता बनर्जी सरकार में मंत्री थे, तभी चंद्रनाथ रथ उनकी टीम में शामिल हुए. 

शुरू में चंद्रनाथ ने अधिकारी के मंत्रिस्तरीय कार्यालय से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं. बाद में अधिकारी के भगवा खेमे में जाने के बाद भी इसी भूमिका को जारी रखा.

पहले टीएमसी से जुड़ा था रथ का परिवार

सुवेंदु अधिकारी के परिवार की तरह ही चंद्रनाथ रथ का परिवार भी पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा था. उनकी मां हसी रथ ने टीएमसी के कार्यकाल के दौरान पूर्वी मेदिनीपुर में एक स्थानीय पंचायत निकाय में पद संभाला था. बाद में जब सुवेंदु टीएमसी छोड़कर भाजपा में गए तो चंद्रनाथ रथ का परिवार भी भाजपा में शामिल हो गया. 

सुवेंदु के विश्वासपात्र सहयोगी थे चंद्रनाथ रथ

करीब दो दशक से चंद्रनाथ रथ सुवेंद्र अधिकारी के साथ थे. इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक कार्य के साथ-साथ लॉजिस्टिक्स का प्रबंधन किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संचार बनाए रखा. भाजपा के अंदरूनी सूत्रों ने उन्हें ऐसे व्यक्ति के रूप में बताया, जो अधिकारी का सबसे विश्वासपात्र शख्स थे. 

अक्सर अभियान प्रबंधन और राजनीतिक समन्वय से जुड़े संवेदनशील कार्यों में शामिल रहते थे. वह भाजपा के भवानीपुर अभियान सहित कई हाई-वोल्टेज राजनीतिक लड़ाइयों के दौरान कोर टीम का भी हिस्सा थे.

यह भी पढ़ें - सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद बंगाल में बवाल, जानें पल-पल के अपडेट्स

यह भी पढ़ें - हत्या, साजिश और राजनीति का खेल... सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या की पूरी कहानी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com