विज्ञापन

BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में इस्तेमाल हुई बाइक को लेकर हुआ बड़ा खुलासा

Suvendu Adhikari PA Murder Case : आरटीओ रिकॉर्ड में दिए गए पते के अनुसार, बाइक मालिक का वर्तमान और स्थायी पता एक ही दर्ज है. क्वार्टर नंबर AB 7/12, गुरुद्वारा रोड, बर्नपुर, थाना हीरापुर, बर्धमान, पश्चिम बंगाल. हालांकि, गुरुवार को जब जांच टीम इस पते पर पहुंची, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ.

BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में इस्तेमाल हुई बाइक को लेकर हुआ बड़ा खुलासा
  • चंद्रनाथ की हत्या में इस्तेमाल हुई मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन बंगाल के पश्चिम बर्धमान आरटीओ कार्यालय में है.
  • बाइक के मालिक के रूप में विभाष कुमार भट्टाचार्य का नाम और बर्नपुर का एक स्थायी पता आरटीओ रिकॉर्ड में दर्ज है.
  • जांच टीम द्वारा बाइक मालिक के दर्ज पते पर पहुंचने पर वहां विभाष कुमार भट्टाचार्य का कोई व्यक्ति नहीं मिला है.

BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में जांच के साथ-साथ नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं. अब इस सनसनीखेज हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. जांच एजेंसियों को यह भी पता चला है कि वारदात में इस्तेमाल बाइक किसके नाम पर रजिस्टर थी.

चंद्रनाथ रथ की हत्या में हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को लेकर अहम जानकारी सामने आई है. जांच में पता चला है कि इस बाइक का मालिकाना संबंध पश्चिम बंगाल के आसनसोल दक्षिण इलाके के बर्नपुर से जुड़ा हुआ है. वाहन के रिकॉर्ड के अनुसार, बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर WB44D1990 है, जो पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान आरटीओ कार्यालय में पंजीकृत है. दस्तावेजों में बाइक मालिक का नाम विभाष कुमार भट्टाचार्य और उनके पिता का नाम बी. बी. भट्टाचार्य दर्ज है. बाइक का रजिस्ट्रेशन 4 मई 2012 को हुआ था, जिसकी वैधता 2 मई 2027 तक बताई गई है.

जांच टीम इस पते पर पहुंची, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ

आरटीओ रिकॉर्ड में दिए गए पते के अनुसार, बाइक मालिक का वर्तमान और स्थायी पता एक ही दर्ज है. क्वार्टर नंबर AB 7/12, गुरुद्वारा रोड, बर्नपुर, थाना हीरापुर, बर्धमान, पश्चिम बंगाल. हालांकि, गुरुवार को जब जांच टीम इस पते पर पहुंची, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. वहां विभाष भट्टाचार्य नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहता पाया गया. वर्तमान में उक्त क्वार्टर में धरमवीर नामक व्यक्ति रह रहे हैं, जो बर्नपुर इस्को कारखाना में कार्यरत हैं.

बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर फर्जी हो सकता है?

धरमवीर ने बताया कि वह वर्ष 2014 से इस क्वार्टर में रह रहे हैं और विभाष नाम के किसी व्यक्ति को नहीं जानते. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल हत्या में किया गया था, वह मौके पर मौजूद नहीं थी. धरमवीर की अपनी बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर भी अलग है. इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आने के बाद न सिर्फ धरमवीर, बल्कि गुरुद्वारा रोड स्थित एबी टाइप क्वार्टर के अन्य निवासी भी हैरान हैं. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर फर्जी हो सकता है या किसी साजिश के तहत गलत पहचान का इस्तेमाल किया गया है.

 मोहन सिंह की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें : 'मैंने भवानीपुर में ममता को हराया इसलिए चंद्रनाथ की हत्या की गई...', PA के मर्डर पर बोले सुवेंदु अधिकारी

लेखक के बारे में
img
आलोक कुमार ठाकुर
Senior Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chandranath Rath Murder Case, Suvendu Adhikari PA Murder, BJP Leader Suvendu Adhikari PA, Chandranath Rath, Chandranath Rath Murder Bike
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com