- सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के 173 विरासत स्थलों की संरक्षण स्थिति पर जवाब न देने पर ASI चीफ को नोटिस जारी किया
- सुप्रीम कोर्ट ने महानिदेशक को अगली सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने और उल्लंघन पर कारण बताने को कहा है
- दिल्ली सरकार के पुरातत्व विभाग ने 19 स्मारकों की पहचान कर निरीक्षण किया है
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश के जानबूझकर उल्लंघन पर कड़ी आपत्ति जताते हुए राजधानी दिल्ली में अधिसूचित 173 विरासत स्थलों की संरक्षण स्थिति पर जवाब प्रस्तुत करने में विफल रहने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के महानिदेशक को अवमानना नोटिस जारी किया है. जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की बेंच ने एएसआई के महानिदेशक को अगली सुनवाई की तारीख पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया.
'जानबूझकर किया आदेश का उल्लंघन'
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ‘अदालत इस आदेश के जानबूझकर उल्लंघन पर कड़ी आपत्ति जताती है. इसलिए, एएसआई के महानिदेशक को नोटिस जारी किया जाता है कि वह कारण बताएं कि अदालत उनके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही क्यों न शुरू करे. उन्हें अगली सुनवाई की तारीख पर कारण बताओ नोटिस के साथ व्यक्तिगत रूप से अदालत के समक्ष उपस्थित होना होगा.' शीर्ष अदालत ने कहा कि दिल्ली सरकार के पुरातत्व विभाग ने 19 स्मारकों की पहचान कर उनका निरीक्षण किया है और सिवाय ‘लोकेशन' और ‘जियो-मैपिंग' के ज्यादातर बिंदुओं/क्षेत्रों के संबंध में अनुपालन किया गया है.
कोर्ट ने मांगा हलफनामा
बेंच ने कहा, ‘हालांकि पहले के आदेशों में उठे मुद्दों पर अनुपालन के संबंध में केवल एक सामान्य बयान दिया गया है. हम निर्देश देते हैं कि एक और हलफनामा दाखिल किया जाए जिसमें उन 19 स्थलों का विवरण दिया जाए जो पुरातत्व विभाग, दिल्ली सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं और जिनका निरीक्षण भी किया जा चुका है.' कोर्ट ने कहा, ‘इसमें हमारे पिछले आदेशों में उल्लिखित सभी क्षेत्रों का और साथ ही स्मारक के संबंध में उठाए गए कदमों का भी उल्लेख होना चाहिए. इसमें संबंधित स्थलों की अद्यतन तस्वीरें भी शामिल होनी चाहिए.'
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में खाना बनाते समय फटा 5 किलो का सिलेंडर, बिहार के 5 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे, AIIMS रेफर
शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि दिल्ली नगर निगम ने चिह्नित 85 स्मारकों में से केवल 62 स्मारकों का सर्वेक्षण किया और कुछ पहलुओं पर यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है. विरासत स्थलों का मुद्दा राजीव सूरी द्वारा दायर एक मामले में उठा, जिसमें उन्होंने दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी में स्थित लोदी काल के स्मारक शेख अली की गुमटी पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया था.
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो में लगेगा 5000 रुपये तक जुर्माना, फर्श पर बैठने से लेकर कोच में घुसने तक होगा सख्त एक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं