- जोश हेजलवुड, यश दयाल और तुषारा के टीम से बाहर होने पर RCB की गेंदबाजी अपेक्षाकृत कमजोर दिख रही है.
- पहले मैच में भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या पर जिम्मेदारी. न्यूजीलैंड के जेकब डुफी से हैं बड़ी उम्मीदें.
- SRH की खतरनाक बैटिंग लाइनअप के सामने RCB के बॉलिंग कॉम्बिनेशन की होगी पहली परीक्षा.
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम एक बड़ी मुसीबत के साथ मैदान में उतर रही है. टीम के स्टार गेंदबाज जोश हेजलवुड चोटिल होने की वजह से अभी मैच खेलने के लिए फिट नहीं है, तो यश दयाल टीम से बाहर और अब नुवान तुशारा भी पहले मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में सीजन के पहले ही मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद जैसी ताबड़तोड़ रन बटोरने वाली खतरनाक बैटिंग लाइनअप के सामने RCB किन गेंदबाजों से 20 ओवर डलवाएगी ये सबसे बड़ा सवाल बन गया है .
भुवनेश्वर पर टिकी उम्मीदें
RCB के गेंदबाजों में इस समय सबसे भरोसेमंद अनुभवी नाम हैं भुवनेश्वर कुमार, जो IPL के इतिहास में युजवेंद्र चहल के बाद सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. भुवी आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बनने से महज दो विकेटों के फासले पर हैं. इकोनॉमी के मामले में वे चहल से भी बेहतर हैं. IPL 2025 में भुवनेश्वर ने 14 मैचों में 17 विकेट लिए और नई गेंद के साथ-साथ डेथ ओवरों में अहम भूमिका निभाई. स्विंग के उस्ताद भुवी पर इस बार भी नई गेंद और डेथ ओवर्स दोनों की जिम्मेदारी होगी . लेकिन अकेले भुवी चार ओवर डालेंगे. बाकी के 16 ओवर डलवाने के लिए रजत पाटीदार के पास विकल्प तो हैं पर उन्हें लेकर थोड़ी अनिश्चितता है.
ये भी पढ़ें: IPL के फाइनल में हदें पार करता रोमांच: 1 रन से जीत, असंभव चेज; कैसे 'लास्ट बॉल थ्रिलर' ने बनाई लीग की पहचान?

RCB के कप्तान रजट पाटीदार के लिए बॉलिंग कॉम्बिनेशन तय करना सबसे बड़ी मुश्किल
Photo Credit: BCCI
कौन डालेगा बाकी के 16 ओवर?
ये सबसे बड़ा सवाल है. चलिए बताते हैं कि पाटीदार के पास विकल्प क्या क्या हैं. सबसे पहले तो पाटीदार के पास न्यूजीलैंड के 31 वर्षीय जेकब डुफी हैं, जो पहली बार आईपीएल खेल रहे हैं. 4 टेस्ट 19 वनडे और 48 अंतरराष्ट्रीय टी20 खेल चुके डुफी 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक 81 विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बने थे. डुफी पिछले साल अप्रैल में टी20 की रैंकिंग में वर्ल्ड नंबर-1 बने थे. तब उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पांच मैचों में 8.38 की औसत से 13 विकेट चटकाए थे. लिहाजा अपनी गेंदों को विकेट के दोनों तरफ स्विंग करने में महारथ रखने वाले डुफी भुवनेश्वर के ओपनिंग जोड़ीदार होंगे इसकी पूरी उम्मीद है.
शेफर्ड-सुयश है, पर प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा
इसके अलावा ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड हैं, हालांकि उनका प्रदर्शन बहुत उतार चढ़ाव वाला रहा है. ऐसे में यह मैच के दौरान उनके प्रदर्शन पर निर्भर करेगा कि पाटीदार उन्हें कितने ओवर देते हैं.
स्पिन में सुयश शर्मा और क्रुणाल पांड्या हैं. सुयश ने पिछले साल भले ही कुछ मैचों में तहलका मचाया था, जैसे क्वालिफायर में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों को अपनी फिरकी पर नचाते हुए तीन ओवरों में केवल 17 रन लुटाते हुए तीन विकेट चटकाए और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने. पर 14 मैचों में 55.25 की औसत और 8.84 की इकोनॉमी से केवल 8 विकेट बताते हैं कि उनका प्रदर्शन भी बहुत उतार चढ़ाव वाला रहा. हालांकि अगर उनकी गूगली में बल्लेबाज फंस गए तो फिर आरसीबी की बल्ले-बल्ले हो जाएगी.
ये भी पढ़ें: धोनी और CSK को जब इस पाकिस्तानी क्रिकेटर ने किया था परेशान, बार-बार हराने में था बड़ा हाथ

Photo Credit: BCCI
2025 के फाइनल में क्रुणाल थे 'प्लेयर ऑफ द मैच'
बात अगर क्रुणाल पंड्या की करें तो यह वो भरोसेमंद नाम है जिसने पिछले साल फाइनल में अपने दमदार प्रदर्शन से टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. क्रुणाल ने फाइनल मुकाबले में केवल 17 रन खर्चते हुए दो विकेट चटकाए थे. पूरे टूर्नामेंट में 22.29 की औसत से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 17 विकेट चटकाए थे. आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड के बाद क्रुणाल ही सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे.
ऑलराउंडर्स की पूरी खेप मौजूद
इसके अलावा आरसीबी के पास वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड, जैकब बेथल, स्वप्निल सिंह जैसे आजमाए हुए ऑलराउंडर मौजूद हैं. तो मंगेश यादव, सात्विक देसवाल, विहान मल्होत्रा, विकी ओटवाल और कनिष्क चौहान जैसे युवा ऑलराउंडर्स की एक पूरी खेप भी मौजूद है. पर असली चुनौती उन भरोसेमंद गेंदबाजों को चुनना है जो 20 ओवर पूरे कर सकें और SRH के तूफानी बल्लेबाजों को संभाल सकें.
ये भी पढ़ें: IPL 2026: 17 साल बाद चैंपियन बनी आरसीबी, कर पाएगी खिताब की रक्षा, जाने राह के 5 बड़े चैलेंज

टिम डेविड
Photo Credit: BCCI
सामने है SRH की विस्फोटक बैटिंग
RCB की मुश्किल और बढ़ जाती है क्योंकि सामने है सनराइजर्स हैदराबाद. जहां ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड जैसे बल्लेबाज पावरप्ले में ही मैच का रुख बदलने की बखूबी ताकत रखते हैं. ऐसे में आरसीबी टीम मैनेजमेंट के लिए सबसे बड़ी परीक्षा सही कॉम्बिनेशन बनाना है. उन्हें यह भी तय करना होगा कि किसे बतौर इम्पैक्ट प्लेयर उतारें क्योंकि एक गलत कॉम्बिनेशन वर्तमान चैंपियन को पहले ही मैच में मुश्किल में डाल सकता है.
ये भी पढ़ें: धोनी दो हफ्ते हो सकते हैं IPL से दूर, माही की बैटिंग पोजिशन और फिटनेस पर तीन पूर्व क्रिकेटरों ने क्या कहा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं