- लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक अजय ठाकुर का शव उनकी कार में संदिग्ध परिस्थिति में मिला है
- शव मिलने पर कपड़ों पर खून के निशान पाए गए और पुलिस ने फॉरेंसिक जांच तथा पोस्टमार्टम शुरू किया है
- स्थानीय लोगों ने लंबे समय से कार संदिग्ध स्थिति में खड़ी देखी थी और सूचना पुलिस को दी थी
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में गाजीपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक अजय ठाकुर का शव उनकी कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. कपड़े पर खून के निशान भी मिले हैं. दारोगा का शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. घटना उस समय सामने आई जब स्थानीय लोगों ने लंबे समय से एक कार को संदिग्ध अवस्था में खड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है. मौत के कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक कार गुरुवार शाम से ही मौके पर खड़ी थी. काफी देर तक कार के नहीं हटने पर आसपास के लोगों को शक हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार का शीशा तोड़कर अंदर देखा तो एक व्यक्ति का शव मिला. तलाशी के दौरान जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर मृतक की पहचान गाजीपुर थाने में तैनात दरोगा अजय ठाकुर के रूप में हुई.
कांच तोड़कर निकाला गया शव, कपड़ों पर मिले खून के निशान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. कार का शीशा तोड़कर बॉडी को निकाला गया, लंबे समय तक कार में बंद रहने पर बॉडी फूलने लगी थी. शुरुआती जांच के दौरान दारोगा के कपड़ों पर नाक के बहे खून के निशान थे. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत और नमूने एकत्र किए हैं. बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
कार में उपनिरीक्षक अजय कुमार का शव मिलने के सम्बंध में पुलिस उपायुक्त पश्चिमी कमलेश दीक्षित ने बताया कि लखनऊ के गाजीपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक अजय ठाकुर जो पहले पारा थाने में तैनात थे, कल से ही उनकी लोकेशन नहीं मिल रही थी. फोन भी उनका स्विच ऑफ जा रहा था. इसके बाद उनके लोकेशन को ट्रेस किया गया.

डीसीपी वेस्ट ने बताया कि जब पुलिस ने वहां जाकर चेक किया, तो एक सेंट्रो गाड़ी से उनकी बॉडी बरामद की गई. डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि उपनिरीक्षक अजय हापुड़ के रहने वाले थे उनके परिवार को भी सूचना दे दी गई है. मामले में अन्य विधि कार्रवाई जारी है.
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही ये स्पष्ट हो सकेगा कि दारोगा की मौत किन परिस्थितियों में हुई. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.
इसे भी पढ़ें: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में बड़े लेवल पर बदलाव, 5 IPS का तबादला; ट्रैफिक, कैंट और साइबर को मिलेगी मजबूती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं