उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में अगले 2-3 घंटों में आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने इसे लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में भी आंधी-तूफान चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
खराब मौसम को लेकर सरकार की ओर से भी मोबाइल फोन पर अलर्ट जारी किया गया है, जिसके मुताबिक अगले तीन घंटे में दिल्ली-एनसीआर समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी और भारी बारिश की आशंका जताई है.

इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने जिन इलाकों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है, उनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के जिले शामिल हैं. यूपी के आगरा और मथुरा के लिए रेड अलर्ट जारी हुआ है. जबकि हरियाणा के अंबाला, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, पानीपत, रोहतक, सोनीपत और यमुनानगर में जबरदस्त आंधी-तूफान और बारिश का रेड अलर्ट है.
वहीं, पंजाब के बरनाला, चंडीगढ़, फतेहगढ़ साहिब, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, नवाशहर, पटियाला, रूपनगर, संगरूर और सास नगर जैसे जिलों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग ने बताया कि जिन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहां अगले कुछ घंटों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं. साथ ही यहां पर घंटेभर में 15 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है.

कई राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान यहां 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान और बारिश होने का अलर्ट है.
मौसम विभाग ने केरल, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, झारखंड, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, यूपी के कुछ जिले, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं