- छठ और सिंदूर पर टिप्पणी के बाद यश माहेश्वरी पर दिल्ली में FIR
- बिहार की आस्था और महिलाओं की गरिमा पर टिप्पणी का आरोप, जांच शुरू
- वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की होगी जांच, दिल्ली पुलिस एक्शन में
बिहार की महिलाओं, छठ पर्व और सिंदूर को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. दिल्ली के साकेत थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि अक्टूबर में आयोजित एक कॉमेडी शो के दौरान धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां की गई थीं. इससे पहले पटना में भी मामला दर्ज हो चुका है. अब दिल्ली पुलिस वीडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी.
साकेत थाने में दर्ज हुई एफआईआर, डिजिटल सबूतों की जांच की मांग
दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. शिकायतकर्ता निलोटपाल मृणाल ने आरोप लगाया कि 24 अक्टूबर को आयोजित कॉमेडी शो के दौरान बिहार की महिलाओं, छठ पूजा और विवाहित महिलाओं के सिंदूर को लेकर असम्मानजनक टिप्पणियां की गईं. शिकायत में कार्यक्रम के आयोजकों और कॉमेडी क्लब प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है. शिकायतकर्ता ने शो की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री की जांच की मांग की है.
अब पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी.
पहले पटना में भी दर्ज हुई थी एफआईआर, यश के हैं 29 हजार सब्सक्राइबर
इस विवाद को लेकर इससे पहले पटना में भी यश माहेश्वरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से जुड़े नेताओं ने भी मामले को लेकर विरोध दर्ज कराया है. जानकारी के अनुसार पार्टी ने बिहार के सभी 38 जिलों में शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया है.
अपनी प्रस्तुतियों में वह आम जीवन, सामाजिक मुद्दों और राजस्थान से जुड़े अनुभवों को हास्य का हिस्सा बनाते रहे हैं.
बीजेपी और कांग्रेस ने भी घेरा
भाजपा नेता रितु जायसवाल ने कहा कि हमारे महापर्व छठ और छठव्रतियों पर अश्लील कॉमेडी करने वाले इस शख्स के खिलाफ बिहार के प्रत्येक जिले में FIR दर्ज होनी चाहिए. ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई हो कि इसे अपनी गलती का एहसास हो और अगली छठ में हमारे महापर्व की महानता का साक्षात दर्शन कर सके. छठ की आस्था और अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं. वहीं कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि ' 'कॉमेडी' के नाम पर छठ पूजा का मज़ाक उड़ाना, विवाहित महिलाओं के बारे में अश्लील टिप्पणियाँ करना और उनके सिंदूर का उपहास करना, हमारी सांस्कृतिक गरिमा और महिलाओं के सम्मान पर एक घिनौना प्रहार है. मैं बिहार पुलिस, दिल्ली पुलिस और सभी संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से पुरज़ोर आग्रह करता हूँ कि वे इस मामले का तुरंत संज्ञान लें, उचित मामला दर्ज करें और यश माहेश्वरी के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें. संवैधानिक स्वतंत्रता के साथ हमेशा ज़िम्मेदारी भी जुड़ी होती है.'
यह भी पढ़ें : छठ और बिहारी महिलाओं के सिंदूर परंपरा का मजाक बनाना कॉमेडियन यश माहेश्वरी पर पड़ा भारी, FIR दर्ज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं