विज्ञापन

कश्मीर में कुदरत का कोहराम... फरवरी में ही अप्रैल-मई जैसी गर्मी, 21 डिग्री पहुंचा श्रीनगर का पारा

शनिवार को श्रीनगर में मौसम का ऐसा रौद्र रूप देखा, जिसने पिछले कई दशकों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. शहर का अधिकतम तापमान सीधे 21 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा.

कश्मीर में कुदरत का कोहराम... फरवरी में ही अप्रैल-मई जैसी गर्मी, 21 डिग्री पहुंचा श्रीनगर का पारा
  • श्रीनगर में शनिवार को पारा 21 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस महीने में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है
  • श्रीनगर ही नहीं, कश्मीर घाटी के गुलमर्ग और पहलगाम जैसे ऊंचे इलाकों में भी असामान्य गर्मी महसूस हो रही है
  • इस बार सर्दी के मौसम में बारिश और बर्फबारी औसत से कम होने के कारण ग्लेशियरों में बर्फ की कमी हो गई है

ठंडी बयारों और दिलकश नजारों के लिए प्रसिद्ध श्रीनगर का मंजर इन दिनों हैरान करने वाला है. जिस वक्त कश्मीर की वादियों को बर्फ की सफेद चादर में लिपटा होना चाहिए, वो आज असामान्य गर्मी में तप रही हैं. शनिवार को श्रीनगर में मौसम का ऐसा रौद्र रूप देखा, जिसने पिछले कई दशकों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. शहर का अधिकतम तापमान सीधे 21 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जो इस मौसम के औसत तापमान से करीब 10 डिग्री ज्यादा है.

दशक में सबसे गर्म फरवरी का महीना 

कश्मीर में सर्दी के मौसम में ही गर्मी का एहसास होने लगा है और कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से 9 से 11 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है. इसकी वजह से कश्मीर में फरवरी का महीना करीब एक दशक में पहली बार अब तक का सबसे अधिक गर्म महीना बन गया है. 

Latest and Breaking News on NDTV

श्रीनगर शहर में रिकॉर्डतोड़ गर्मी

श्रीनगर में शनिवार को तापमान 21 डिग्री पहुंचने पर मौसम विभाग ने बताया कि यह फरवरी के दौरान शहर में अब तक का सर्वोच्च अधिकतम तापमान है. इससे पहले 24 फरवरी 2016 को 20.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था. 

गुलमर्ग, पहलगाम में भी पारा चढ़ा

चौंकाने वाली बात ये है कि सिर्फ श्रीनगर ही नहीं, घाटी के ऊंचे इलाके भी इस बेवक्त की गर्मी की चपेट में हैं. यहां पड़ रही गर्मी ने लोगों की नींद उड़ा दी है. बर्फीली वादियों के लिए मशहूर गुलमर्ग में अधिकतम टेंपरेचर 11.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और पहलगाम में पारा 17.2 डिग्री सेल्सियस को छू गया. 

जम्मू इलाके का बुरा हाल

जम्मू क्षेत्र का भी बुरा हाल है. जम्मू शहर में अधिकतम तापमान यहां 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है. कटरा में 25 डिग्री, बटोटे में 19.9 डिग्री, बनिहाल में 19.8 डिग्री और भदरवाह में 21.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. 

ये भी देखें- टूरिज़्म को बूस्ट: जम्मू कश्मीर की वादियों में फिर लौटेगी रौनक, ये 14 साइट्स सैलानियों के लिए खुलीं

फरवरी के महीने में मई जैसी धूप के एहसास से पूरी घाटी में हड़कंप है. दरअसल जम्मू-कश्मीर में इस बार सर्दियों के दौरान औसत से कम बारिश और बर्फबारी हुई है. इस साल कड़ाके की ठंड वाले 40 दिनों के 'चिल्लई कलां' के दौरान वैसी बर्फबारी नहीं हुई, जैसी ग्लेशियरों को भरने के लिए जरूरी होती है. सामान्य तौर पर इस अवधि में भारी हिमपात से ग्लेशियरों और पर्वतीय जल स्रोत भर जाते हैं, जिससे गर्मियों में जल आपूर्ति बनी रहती है. 

हो सकती है पानी की किल्लत

सर्दियों में बर्फ का कम गिरना और ऊपर से फरवरी में रिकॉर्डतोड़ गर्मी अब पहाड़ों में इकट्ठा बर्फ को समय से पहले ही पिघला रही है. इसका सीधा मतलब है कि आने वाली गर्मियों में कश्मीर की नदियों और झरनों में पानी की किल्लत हो सकती है. 

अब मार्च में बर्फबारी से उम्मीद

फरवरी में तापमान में अप्रत्याशित बढ़ोतरी के कारण आने वाले दिनों में भारी बर्फबारी की संभावना कम ही है. ऐसे में मौसम वैज्ञानिकों की नजर अब  मार्च पर है, जब बर्फबारी हो सकती है. लेकिन अभी तो फरवरी में सामान्य से अधिक तापमान ने किसानों, कृषि विशेषज्ञों और बागवानों की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं. 

ये भी देखें- जम्मू से श्रीनगर के बीच जल्द दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन, रेलवे ने शुरू की तैयारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kashmir Temperature, Srinagar Temperature Record, Kashmir Srinagar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com