नागपुर पूर्व से भाजपा विधायक कृष्णा खोपड़े ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की हाल ही में प्रकाशित पुस्तक को लेकर महाराष्ट्र सरकार से उस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपा है. खोपड़े का आरोप है कि पुस्तक में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर का अपमान किया गया है. उनका कहना है कि सोनिया गांधी मूल रूप से इटली की हैं, इसलिए उन्हें भारत के स्वतंत्रता संग्राम और इतिहास की पूरी समझ नहीं है.
उन्होंने आरोप लगाया कि बाबरी ढांचा गिरने और बाटला हाउस एनकाउंटर जैसे मामलों पर सोनिया गांधी ने भावनाएं व्यक्त कीं, लेकिन गोधरा कांड को लेकर उन्होंने कभी स्पष्ट रुख नहीं अपनाया. वहीं, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के समय भी उन्होंने खुशी जाहिर नहीं की. कृष्णा खोपड़े का दावा है कि यह पुस्तक समाज में तनाव पैदा कर सकती है और यदि महाराष्ट्र में इस पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया तो कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है तथा दंगे भड़कने की आशंका है. इसलिए उन्होंने राज्य सरकार से पुस्तक पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है.
सोनिया गांधी की हाल में प्रकाशित आत्मकथा"Belonging: A Journey of Love" इन दिनों चर्चा में है. यह पुस्तक 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित हुई और इसमें सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन, राजीव गांधी से मुलाकात, भारत आने के अनुभव, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या, कांग्रेस की राजनीति और अपने सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई प्रसंगों का उल्लेख किया है.
ये भी पढ़ें : EPFO की मीटिंग में बड़ा फैसला, PF का पैसा रिटायरमेंट के बाद बनेगा रेगुलर इनकम का जरिया, पेंशन की तरह हर महीने मिलेंगे पैसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं