कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love' का औपचारिक विमोचन 16 नवंबर को किया जाएगा. हालांकि यह किताब पाठकों के लिए 10 नवंबर से बाजार में उपलब्ध हो जाएगी. पुस्तक की घोषणा के साथ एक विशेष वीडियो भी जारी किया गया है जिसमें सोनिया गांधी के जीवन और उनके लंबे सार्वजनिक सफर की झलक दिखाई गई है.
इटली से भारत तक की कहानी
इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के उन पहलुओं को साझा किया है जिनके बारे में अब तक बहुत कम चर्चा हुई है. इसमें इटली में बिताया गया शुरुआती जीवन, भारत आने का निर्णय, गांधी परिवार का हिस्सा बनने का अनुभव और सार्वजनिक जीवन में कदम रखने की पूरी यात्रा का जिक्र किया गया है. साथ ही उन्होंने बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और अपने लंबे राजनीतिक अनुभवों को भी विस्तार से लिखा है.
राजनीति के बीच चर्चा में आई किताब
देश में लगातार सक्रिय राजनीतिक माहौल के बीच इस किताब को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. माना जा रहा है कि यह पुस्तक सिर्फ संस्मरण नहीं बल्कि सोनिया गांधी के व्यक्तिगत और राजनीतिक जीवन को समझने का एक नया दस्तावेज भी साबित हो सकती है. उनके समर्थकों के साथ-साथ राजनीतिक विश्लेषकों की भी इस किताब पर नजर है.
सोशल मीडिया पर भी बदला अंदाज
किताब के प्रकाशन से पहले सोनिया गांधी ने पहली बार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और एक्स पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. लंबे समय तक सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने वाली सोनिया गांधी का यह कदम बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि इसके जरिए वह लोगों तक सीधे पहुंच बनाने और अपने विचार साझा करने की नई पहल कर रही हैं.
यह भी पढ़ें | दिवाली के बाद सोनिया गांधी की आ रही किताब, राजनीतिक धमाके के कयास; क्यों टाइमिंग के चर्चे
यह भी पढ़ें | किताब आएगी तो तमाशा होना तय है, मेरी कहानी दूसरों ने खूब सुनाई, अब मेरी बारी है: सोनिया गांधी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं