विज्ञापन

'कुछ उम्मीदवार दबाव में पीछे हट गए’, जहांगीर खान के फैसले से TMC खफा, फाल्टा सीट पर रीपोलिंग से पहले छोड़ा मैदान

फाल्टा सीट पर वोटिंग से पहले TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव से नाम वापस ले लिया. TMC ने इसे उनका व्यक्तिगत फैसला बताया, लेकिन बीजेपी व एजेंसियों के दबाव का आरोप लगाया. वहीं, खान ने गिरफ्तारी के डर से हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दी है.

'कुछ उम्मीदवार दबाव में पीछे हट गए’, जहांगीर खान के फैसले से TMC खफा, फाल्टा सीट पर रीपोलिंग से पहले छोड़ा मैदान
कोलकाता:

पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर होने वाले पुनर्मतदान से ठीक 48 घंटे पहले टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के चुनाव से हटने से सियासी हलचल तेज हो गई है. 21 मई को यहां दोबारा वोटिंग होनी थी, लेकिन मतदान से पहले ही TMC उम्मीदवार के हटने के फैसले ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है.

TMC का बयान: ‘व्यक्तिगत फैसला'

टीएमसी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर साफ किया कि जहांगीर खान का चुनाव न लड़ने का फैसला उनका व्यक्तिगत निर्णय है, पार्टी का नहीं. पार्टी ने आरोप लगाया कि 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से फाल्टा क्षेत्र में उसके 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है.

TMC के अनुसार, पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़, जबरन कब्जा और डराने‑धमकाने की घटनाएं हुईं, लेकिन चुनाव आयोग ने शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की.

यह भी पढ़ें- 'पुष्पा झुकेगा नहीं...' कहने वाले TMC उम्मीदवार जहांगीर खान झुके, फाल्टा सीट पर वोटिंग से पहले दौड़ से बाहर

भाजपा पर दबाव की राजनीति का आरोप

टीएमसी ने बीजेपी पर एजेंसियों और प्रशासन के जरिए दबाव बनाने का आरोप लगाया और कहा कि इस माहौल में भी उनके कार्यकर्ता मजबूती से डटे र.। हालांकि पार्टी ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ लोग दबाव में आकर मैदान से हट गए, जिसकी उसने निंदा की है. टीएमसी ने कहा कि 'बांग्ला विरोधी बीजेपी' के खिलाफ उसकी लड़ाई जारी रहेगी.

प्रवक्ता बोले- वजह साफ नहीं

इससे पहले टीएमसी प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि पार्टी को जहांगीर खान के फैसले की जानकारी है, लेकिन उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है. उन्होंने कहा कि पार्टी इस फैसले से हैरान है.

कोर्ट पहुंचे थे जहांगीर खान

बता दें कि इससे पहले जहांगीर खान ने अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दायर की थी. जस्टिस सौगत भट्टाचार्य की पीठ ने याचिका स्वीकार करते हुए मामले की सुनवाई तय की है. खान ने अपनी याचिका में दावा किया कि उनके खिलाफ झूठे मामलों के तहत एफआईआर दर्ज की गई हैं और उन्होंने कोर्ट से सभी एफआईआर की जानकारी मांगी है.

यह भी पढ़ें- 'मैं हिंसा का समर्थक नहीं, लेकिन...' TMC सांसद सियानी घोष का सिर काटने का कहने वाले चैयरमेन NDTV से बोले

वायरल वीडियो पर भी सस्पेंस

सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल है, जिसमें कथित तौर पर जहांगीर खान अपने चुनाव से हटने की घोषणा करते दिख रहे हैं. हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.

जहांगीर के फैसले पर क्या बोली भाजपा?

TMC उम्मीदवार जहांगीर खान द्वारा 21 मई को फाल्टा में होने वाले पुनर्चुनाव से नाम वापस लेने पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'उनके पास कोई और विकल्प नहीं था, क्योंकि उन्हें कोई मतदान प्रतिनिधि नहीं मिलता, इसलिए उन्होंने चुनाव से हटने का फैसला किया.'

क्या है पूरा मामला?

फाल्टा सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान होना था. लेकिन वोटिंग से ठीक पहले उम्मीदवार के हटने से चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं और अब इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है. गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को हुए थे और चार मई को परिणाम आए थे. दूसरे चरण के मतदान के दौरान फाल्टा सीट पर भी मतदान हुआ था. हालांकि, चुनाव आयोग ने इस सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर अनियमितताएं पाईं और उसके बाद 21 मई को दोबारा मतदान की घोषणा की, जिसके परिणाम 24 मई को आएंगे.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com