विज्ञापन

सिद्धारमैया बने रहेंगे CM, कर्नाटक पर मैराथन मीटिंग के बाद बोली कांग्रेस- सिर्फ राज्यसभा चुनाव पर हुई चर्चा

कांग्रेस की मैराथन मीटिंग के बाद कर्नाटक में सीएम बदलने की अटकलें खारिज हो गई है. 6 घंटे तक चली इस मीटिंग के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बैठक में सिर्फ राज्यसभा चुनाव पर चर्चा हुई. इसका मतलब यह है कि सिद्धारमैया कर्नाटक में मुख्यमंत्री बने रहेंगे.

कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार.
  • कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की चल रही अटकलें खारिज हो गई है. दिल्ली में चली मैराथन बैठक से इसकी चर्चा हुई थी.
  • बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह बैठक राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव के लिए थी.
  • कांग्रेस के इस फैसले का साफ मतलब है कि सिद्धारमैया राज्य के मुख्यमंत्री बने रहेंगे.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में सीएम बदलने की अटकलें खारिज हो गई हैं. कर्नाटक में सत्ता बदलने की चर्चाएं बीते कई दिनों से जोरों पर थी. दिल्ली में हाई वोल्टेज बैठकें भी हुईं. लेकिन इन बैठकों का एजेंडा कुछ और ही था. कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार की राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे के साथ हुई बैठकों के बाद कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल ने बताया कि यह मैराथन मीटिंग सिर्फ राज्यसभा चुनाव पर चर्चा के लिए हुई. मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कर्नाटक मंत्रिमंडल में बदलाव पर एक शब्द भी नहीं बोला. 

बैठक के बाद कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, आज राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ विस्तृत चर्चा हुई. राज्यसभा और एमएलसी चुनाव पर चर्चा हुई. बाकी अटकलों में कोई सच्चाई नहीं है. सिद्धारमैया ने कहा कि कैबिनेट विस्तार का एजेंडा चर्चा में नहीं आया. इसके बाद  सीएम सिद्धारमैया बेंगलुरु रवाना हो गए हैं.

बैठक के बाद केसी वेणुगोपाल ने क्या कुछ कहा?

इंदिरा भवन में कर्नाटक के कांग्रेस नेताओं की कांग्रेस आलाकमान के साथ हुई बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा, "आज हमारी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ एक विस्तृत बैठक हुई. इस चर्चा में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कर्नाटक के प्रभारी महासचिव और मैं खुद शामिल थे. आज की पूरी चर्चा केवल आगामी राज्यसभा चुनावों और कर्नाटक के विधान परिषद चुनावों पर केंद्रित थी. आप लोग जो भी अटकलें लगा रहे हैं, वे केवल अटकलें ही हैं. उनमें कोई सच्चाई नहीं है."

राज्यसभा और विधान परिषद सीटों के बारे में हुई चर्चा

उन्होंने आगे कहा कि आज हमने कर्नाटक की राज्यसभा सीटों और विधान परिषद सीटों के बारे में चर्चा की. कर्नाटक की राज्यसभा और विधान परिषद सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और झारखंड जैसे अन्य राज्यों की सीटों के साथ ही की जाएगी. बस इतना ही. आज हमने यही फैसला किया है; आज इसके अलावा और किसी विषय पर चर्चा नहीं हुई.

बीते कुछ दिनों से फिर से तेज हुई थी नेतृत्व बदलाव की चर्चा

मालूम हो कि कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें बीते कुछ दिनों से फिर से तेज हो गई थी. चर्चा थी कि पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर पद छोड़कर डीके शिवकुमार के लिए रास्ता बनाने का दबाव बढ़ा रहे हैं. सूत्रों का यह भी कहना था कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस पूरे मंथन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और नेतृत्व बदलने के पक्ष में हैं.

मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय में लंबे समय तक चली बैठकों ने सियासी हलचल और बढ़ा दी. पहले राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के साथ संयुक्त बैठक की. इसके बाद राहुल गांधी और खरगे ने दोनों नेताओं से अलग-अलग वन-टू-वन मुलाकात की. लेकिन इन मुलाकातों के बाद कांग्रेस नेता ने साफ किया कि यह बैठक राज्यसभा चुनाव और एमएलसी चुनाव के लिए हुई.

यह भी पढ़ें - सिद्धारमैया से अकेले कमरे में राहुल की 35 मिनट बात, इंतजार कर रहे डीके शिवकुमार; कर्नाटक सत्ता विवाद की इनसाइड स्टोरी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com