राजधानी पटना के मुसल्लहपुर स्थित कोचिंग सेंटर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि मुसल्लहपुर स्थित खान सर के कोचिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है. आग लगते ही कोचिंग में अफरा-तफरी मच गई है. कोचिंग में चिंगारी निकलते देख क्लासरूम में स्टूडेंट वहां से 'कोचिंग में आग लगी' बोलते हुए भागने लगे. हालांकि बताया जा रहा कि कोचिंग के कर्मियों की सूझबूझ से बड़े हादसे को टाल दिया गया है. कोचिंग में स्थिति सामान्य होने की बात कही जा रही है.
आपको बता दें, हाल ही में लखनऊ में हुए लाइब्रेरी में आग की घटना के बाद पूरे देश में सतर्कता बरती जा रही है. जिन राज्यों में कोचिंग क्लास बड़े पैमाने पर चलाए जा रहे हैं वहां प्रशासन ने चेकिंग शुरू कर दी है. कई जगहों पर सेफ्टी के उल्लंघन को देखते हुए कोचिंग सील किए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि खान सर के कोचिंग को लेकर भी फायर सेफ्टी नियमों की अवहेलना पर नोटिस जारी किया जा चुका है.
फायर सेफ्टी जांच में पाई गई थी कमियां
फायर सेफ्टी विभाग की ऑडिट टीम ने खान ग्लोबल स्टडीज और उनके अस्पताल में फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच की थी. यह जांच 7 जून और 23 जून को किया गया था. जांच में सामने आया था कि फायर सेफ्टी मानकों में काफी कमियां है. इसके सुधार के लिए नोटिस दिया गया था और इसके लिए 7 से 10 दिन का समय दिया था. लेकिन अब इसके बाद ही खान सर के कोचिंग में आग की घटना सामने आई है.
यहां मौजूद छात्रों ने बताया कि कोचिंग के अंदर तार में शॉर्ट सर्किट होने के बाद चिंगारी फेंकने लगी थी. जिसके बाद सभी छात्र कोचिंग से बाहर निकल आए.
मुसल्लहपुर में 12 सेंटर का हुआ था निरीक्षण
बताया जा रहा है कि 2 दिन पहले भी पटना में कई कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी का ऑडिट किया गया था. केवल मुसल्लहपुर में 12 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया गया था, जहां कई सेंटर पर बेहतर परिणाम नहीं मिले थे.
बता दें, देश के अलग-अलग राज्यों में फायर सेफ्टी का निरीक्षण युद्ध स्तर पर किया जा रहा है. दिल्ली में भी कई संस्थान सील किये गए हैं. राजस्थान के जयपुर में भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है जहां दर्जनों कोचिंग सेंटर को सील किया गया है.
यह भी पढ़ेंः खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर नहीं हुई सुनवाई, रोशन आनंद के दो सहयोगियों को मिली जमानत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं