विज्ञापन

संसद में अरविंद सावंत ने लिया सेंगर और बृजभूषण का नाम, तो निशिकांत बोले- फिर तो आदित्य ठाकरे की भी बात होगी

गुरुवार को लोकसभा में महिला आरक्षण पर चर्चा के दौरान अचानक कुलदीप सेंगर, बृजभूषण शरण सिंह और आदित्य ठाकरे का नाम आते ही थोड़ी देर के लिए गहमागहमी जैसी स्थिति दिखी. हालांकि फिर अध्यक्ष के समझाने पर सभी सदस्य शांत हुए.

संसद में अरविंद सावंत ने लिया सेंगर और बृजभूषण का नाम, तो निशिकांत बोले- फिर तो आदित्य ठाकरे की भी बात होगी
शिवसेना UBT सांसद अरविंद सावंत और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे.
नई दिल्ली:

Discussion on Women Reservation: गुरुवार से शुरू हुए संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण पर चर्चा हो रही है. लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण दिए जाने से जुड़ा ऐतिहासिक फैसला तो काफी पहले लिया जा चुका है. लेकिन अब इसे लागू करने से पहले सरकार परिसीमन की तैयारी में जुटी है. इसी को लेकर आज लोकसभा में चर्चा के दौरान खूब गहमागहमी देखने को मिली. चर्चा के दौरान अचानक उस समय माहौल गरम हो गया, जब शिवसेना सांसद ने महिला आरक्षण पर चर्चा करते हुए कुलदीप सेंगर और बृजभूषण शरण सिंह का नाम लिया. 

पीएम मोदी के बाद शिवसेना (UBT) सांसद ने रखी अपनी बातें

दरअसल गुरुवार दोपहर बाद महिला आरक्षण पर पीएम मोदी के बोलने के तुरंत बाद शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के मुंबई दक्षिण के सांसद अरविंद गणपत सावंत ने अपनी बातें रखी. उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत में कहा- मेरा सौभाग्य है कि मुझे प्रधानमंत्री के बाद बोलने का अवसर मिल रहा है. 

शिवसेना सांसद ने कुलदीप सेंगर और बृजभूषण का किया जिक्र

इसके बाद महिलाओं के आरक्षण पर बात करते हुए शिवसेना सांसद अरविंद गणपत सावंत ने अचानक कुलदीप सेंगर और बृजभूषण शरण सिंह पर आ गए. उन्होंने स्पीकर को संबोधित करते कहा, "सर हमें नहीं भूलना कुलदीप सेंगर कौन है? किस पार्टी का है? सर, नहीं भूलना कि बृजभूषण शरण सिंह कौन है. किस पार्टी से है."  

सेंगर, शरण के जिक्र के साथ शुरू हुई नारेबाजी

शिवसेना सांसद ने संसद में जैसे ही इन दोनों का नाम लिया, भाजपा के कुछ सदस्य नारेबाजी करने लगे. जिसके बाद स्पीकर ने बीच-बचाव करते हुए कहा कि आप संसद में किसी पर ऐसे आरोप नहीं लगा सकते हैं. नारेबाजी के बीच शिवसेना सांसद ने कहा 'बलात्कारी' प्यारे हैं क्या? 

फिर निशिकांत दुबे आदित्य ठाकरे को ले आए

शिवसेना सांसद ने जैसे ही कुलदीप सेंगर और बृजभूषण शरण सिंह का नाम लिया, वैसे ही बीजेपी की ओर से गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने मोर्चा संभाला. उन्होंने कहा- यदि ये कुलदीप सेंगर और बृजभूषण शरण सिंह की बात करेंगे तो आदित्य ठाकरे की भी बात होगी. उसने भी 'हीरोईन' को मार दिया. 

थोड़ी देर के लिए हुई गहमागहमी जैसी स्थिति 

कुलदीप सेंगर, बृजभूषण शरण सिंह और आदित्य ठाकरे का नाम आते ही थोड़ी देर के लिए संसद में गहमागहमी जैसी स्थिति दिखी. हालांकि फिर अध्यक्ष के समझाने पर सभी सदस्य शांत हुए. मालूम हो कि बीजेपी विधायक कुलदीप सेंगर पर रेप का आरोप है. वहीं बृजभूषण शरण सिंह पर कई महिला पहलवानों ने कई आरोप लगाए थे. दूसरी ओर आदित्य ठाकरे का नाम एक हीरोईन के मर्डर केस में आता रहा है.  

यह भी पढ़ें - महिला आरक्षण पर परिसीमन का डर, PM बोले- यह प्रक्रिया किसी के साथ अन्याय नहीं करेगी, यह मोदी की गारंटी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com