विज्ञापन

करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, हर सनातनी को आवाज उठानी होगीः केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब चोरी सामने आई और पानी सिर से ऊपर हो गया तो उन्होंने एसआईटी बना दी. मैं भी कानून का जानकार हूं और इनकम टैक्स में काम कर चुका हूं, एफआईआर के बिना एसआईटी बन ही नहीं सकती.

करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, हर सनातनी को आवाज उठानी होगीः केजरीवाल
नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में हुए चंदा चोरी मामले को लेकर कहा कि इस मामले में हुए इस्तीफे, गिरफ्तारी, एसआईटी और एफआईआर सब फर्जी है और सिर्फ लोगों को दिखाने के लिए है.गोवा दौरे पर आए केजरीवाल ने प्रेसवार्ता कर कहा कि गोवा के लोग बहुत धार्मिक हैं. जब राम मंदिर का निर्माण हुआ, तो गोवा के हिंदुओं ने बढ़-चढ़कर और दिल खोलकर पूरी श्रद्धा के साथ दान किया था. लेकिन अब जब राम मंदिर में घोटाले और चढ़ावा चोरी की बातें सामने आ रही हैं, तो गोवा के सभी सनातनी इसे सुनकर बहुत ज्यादा दुखी हैं. 

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि जब मंदिर बनने लगा तो इंजीनियर्स ने रिकॉर्ड पर गवाही दी कि हर टेंडर में 40 फीसद कमीशन लिया गया. अब निकलकर आ रहा है कि चढ़ावे की चोरी हो रही थी. सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला है कि 40 दिन में 70 बार चोरी होने के सबूत सामने आए हैं. लोग सीसीटीवी में 70 बार चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं पर 8 महीने की सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दी गई. जितनी चोरी की जानकारी सामने आई है, वह केवल एक छोटी सी झलक है, पता नहीं कितनी चोरी हुई है.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब चोरी सामने आई और पानी सिर से ऊपर हो गया तो उन्होंने एसआईटी बना दी. मैं भी कानून का जानकार हूं और इनकम टैक्स में काम कर चुका हूं, एफआईआर के बिना एसआईटी बन ही नहीं सकती. यह एसआईटी गैर-कानूनी है, इसके पास कोई पावर नहीं है. यह किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकती, रेड नहीं मार सकती और न ही किसी को समन कर सकती है.

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि इस एसआईटी के बनने के बाद “आप” सांसद संजय सिंह जब जमीनों के घोटाले के कागज लेकर गए, तो एसआईटी ने कहा कि जमीनों के घोटाले की जांच करना उनकी पावर में नहीं है. तो फिर इनकी पावर क्या है? ये जमीनों और कंस्ट्रक्शन में हुए घोटाले की जांच नहीं कर रहे, तो फिर क्या जांच कर रहे हैं? 2021 में जब जमीनों का घोटाला सामने आया था, तब भी इन्होंने एक एसआईटी बना दी थी. उस एसआईटी का क्या हुआ, किसी को कुछ पता नहीं है. कोई एफआईआर, कोई गिरफ्तारी और कोई एक्शन नहीं हुआ, वह एसआईटी मर गई. अब यह एसआईटी भी मर जाएगी. असल में ये लोगों की आंखों में धूल झोंक रहे हैं. इन्हें पता है कि जनता की याददाश्त बहुत छोटी होती है, इसलिए ये 15-15 दिन का एक्सटेंशन देते रहेंगे और यह एसआईटी भी मर जाएगी.

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि अब इन्होंने एक फर्जी एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें आठ छोटे-छोटे लोगों को पकड़ा गया है जो नोट गिनते थे. सबसे मजे की बात यह है कि जब भी किसी की गिरफ्तारी होती है, तो पुलिस उसकी कस्टडी लेती है और पूछताछ करती है कि चोरी कहां से की और पैसा कहां रखा है. लेकिन पुलिस ने कोई पूछताछ नहीं की, कस्टडी नहीं ली और उन्हें सीधा ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया. उन आठ छोटे-छोटे लोगों को बोल रखा है कि चिंता मत करो, दो-चार दिन में बेल करा देंगे. अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि पूरे देश में करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और ये लोग कुछ नहीं करने वाले हैं. हर हिंदू और सनातनी को इसके खिलाफ आवाज उठानी पड़ेगी. मैं भगवान राम से प्रार्थना करता हूं कि इन पापियों को छोड़ना मत, कठोर से कठोर सजा देना.

यह भी पढ़ें: सिर्फ आम आदमी पार्टी सनातन के लिए सच्चे भाव से काम कर रही: केजरीवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Arvind Kejriwal, Ram Mandir Donation Row
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com