विज्ञापन

धुएं और प्रदूषण से त्रस्त ग्रामीणों का खूनी खेल, सहारनपुर में टायर फैक्ट्री मालिक की पीट-पीटकर हत्या

सहारनपुर में टायर फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण के विरोध के दौरान खूनी संघर्ष हो गया. मारपीट में अरबीन चौहान की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है.

धुएं और प्रदूषण से त्रस्त ग्रामीणों का खूनी खेल, सहारनपुर में टायर फैक्ट्री मालिक की पीट-पीटकर हत्या

सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र में टायर फैक्ट्री से निकलने वाले जहरीले धुएं और प्रदूषण से गुस्साए लोगों का विरोध मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया. आक्रोशित भीड़ और फैक्ट्री पक्ष के बीच हुई हिंसक झड़प में शामली निवासी अरबीन चौहान की लोहे की रॉड और गड़ासे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक सादिक गंभीर रूप से घायल हो गया है. इस खूनी वारदात से इलाके में तनाव पस गया है.  पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. 

धुएं और प्रदूषण के विरोध में खूनी संघर्ष, एक की मौत

सहारनपुर के थाना गंगोह क्षेत्र के सलारपुरा में स्थित एक टायर फैक्ट्री से लगातार निकल रहे धुएं और प्रदूषण से आसपास के लोग काफी दिनों से बेहद परेशान थे. इसी बात का विरोध करने के लिए जब ग्रामीणों का एक गुट फैक्ट्री परिसर पहुंचा, तो वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ उनकी तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद एक खूनी जंग में तब्दील हो गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें शामली जिले के मन्नामाजरा निवासी अरबीन चौहान की पीट-पीटकर मौत हो गई. वहीं सादिक नाम का दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दूसरे पक्ष के संजय उर्फ संदीप को भी चोटें आई हैं.

लोहे की रॉड और गड़ासे से हुआ हमला

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बात सिर्फ हाथापाई तक नहीं रही. गुस्साए लोगों ने लोहे की रॉड और गड़ासे जैसे हथियारों से हमला कर दिया. इस हमले में अरबीन चौहान को बेहद गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. सादिक की हालत भी नाजुक बनी हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही गंगोह पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया.

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी की जांच

गंगोह कोतवाली प्रभारी इंद्रेश चौहान ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है. वारदात की सही वजह और आरोपियों की पहचान के लिए फैक्ट्री के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है. घटना के बाद से पूरे सलारपुरा और आसपास के इलाके में भारी तनाव है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

ये भी पढ़ें: "मीरा और प्रह्लाद को भी देनी पड़ी थी परीक्षा"- रसिक दुलारी की मौत के बाद पहली बार बोले प्रेमानंद महाराज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Saharanpur News, Saharanpur Crime News, Uttar Pradesh Crime News, Pollution Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com