दीवाली से पहले केरल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डिब्रूगढ़-कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस से करीब 37.7 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 19 लाख रुपये आंकी गई है. ये गांजा गुड़ की बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था.
जनरल कोच में मिले थे लावारिस बोरे
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर ट्रेन संख्या 22504 विवेक एक्सप्रेस के अलुवा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर RPF की टीम जांच कर रही थी. इसी दौरान जनरल कोच में चार लावारिस बोरियां मिलीं. शुरुआत में बोरियों में गुड़ भरा हुआ प्रतीत हो रहा था, लेकिन जांच में पता चला कि गुड़ की परतों के नीचे गांजा छिपाकर रखा गया था.
RPF अधिकारियों के अनुसार, तस्करों ने गांजे को छिपाने के लिए गुड़ की बोरियों का इस्तेमाल किया था, ताकि जांच एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके. हालांकि सतर्क जांच के दौरान पूरी खेप पकड़ ली गई.
फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बोरियां ट्रेन में कहां से रखी गईं और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं.
यह कार्रवाई सीनियर मंडल सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद हनीफ के निर्देश पर और इंस्पेक्टर जिपिन ए.जे. की निगरानी में RPF की क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच ने की. जब्त गांजे को आगे की कार्रवाई और जांच के लिए अलुवा आबकारी विभाग को सौंप दिया गया है.
RPF अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी तस्कर क्रिकेट बैट, जूतों, इन्वर्टर बॉक्स, पेंट के डिब्बों और अन्य सामानों में गांजा छिपाकर तस्करी की कोशिश कर चुके हैं. त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी व जांच अभियान और तेज कर दिया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं