- प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध हालातों में हुई मौत को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने हत्या बताया है.
- वहीं रोशन आनंद के वकील निरंजन कुमार सिंह ने इस मामले में गहरी साजिश का शक जताया है.
- फिलहाल मामला विदेश से जुड़ा होने के कारण बहुत कुछ सामने नहीं आया है. लेकिन इससे सनसनी फैल गई है.
पटना के चर्चित ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. नेपाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. खान सर की कोचिंग पर बीते दिनों हुए हमले के मामले में प्रिंस यादव पर केस दर्ज था. इस केस के बाद ही प्रिंस नेपाल चला गया था. जानकारी के अनुसार, प्रिंस यादव नेपाल के एक होटल में अपने 6-7 साथियों के साथ ठहरे हुए थे. देर रात उनकी संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई. घटना के बाद नेपाल पुलिस ने होटल में मौजूद अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
पप्पू यादव ने प्रिंस की मौत को बताया हत्या
प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध हालातों में हुई मौत को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने हत्या बताया है. पप्पू यादव ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा- ज्ञानबिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल विराटनगर में हत्या! यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. बिहार सरकार नेपाल प्रशासन से संपर्क कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए. हत्यारों पर अविलंब कार्रवाई हो, एक भाई जेल में बंद हैं, दूसरे की हत्या, मेरी संवेदना परिवार के साथ है!

प्रिंस की संदिग्ध हालातों में हुई मौत को पप्पू यादव ने हत्या बताया है.
Photo Credit: पप्पू यादव का फेसबुक अकाउंट
रोशन आनंद के वकील ने बड़ी साजिश का शक जताया
दूसरी ओर रोशन आनंद के वकील निरंजन कुमार सिंह ने कहा, "हमें सुबह एक फोन कॉल आया, जिसमें इस घटना के बारे में बताया गया... यह एक बहुत बड़ी त्रासदी है. इससे बड़ी मुश्किल या इससे ज़्यादा गहरा सदमा शायद ही कोई हो सकता है. एक बेटा जेल में है और दूसरे की ऐसी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मैं बस इतना कहूंगा कि एक बहुत बड़े नेक्सस और यहां तक कि इंटरनेशनल कनेक्शन की भी बात हो रही है.
Patna, Bihar: A case linked to the teacher Roshan Anand has drawn attention after reports emerged that his brother, Prince Yadav, died under suspicious circumstances at a hotel in Nepal.
— IANS (@ians_india) June 14, 2026
Advocate representing Roshan Anand, Niranjan Kumar Singh says, "We received a phone call in… pic.twitter.com/FqhGlPSgd9
उन्होंने आगे कहा कि चूंकि यह मामला जांच के दायरे में है, इसलिए हम इस समय इस पर और कोई टिप्पणी नहीं करना चाहेंगे. हालांकि, घटनाओं का क्रम—मौत, तुरंत FIR दर्ज होना, लोगों का देश छोड़कर जाना, भाई की गिरफ्तारी, अंतरिम राहत मिलना और फिर हत्या—यह इशारा करता है कि इसके पीछे कोई बहुत बड़ा नेक्सस और बड़ी साजिश हो सकती है.

खान सर की FIR में क्या कहा गया है?
खान सर की कोचिंग का मैनेजमेंट देखने वाले कन्हैया कुमार सिंह ने FIR करवाई थी. इसमें लिखा था कि 2 जून की रात करीब 10:00 बजे तक कोचिंग के गार्ड चुनचुन को ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद के कहने पर पीटा गया. अभिषेक और प्रिंस (रौशन आनंद का भाई) और उसका स्टाफ रौशन, गौरव के साथ करीब 15-20 लड़के अचानक मेरे कोचिंग के गेट पर आए और गार्ड को खींचकर मारपीट करने लगे जिससे उसका सिर फट गया.
हो-हल्ला होने पर अगल-बगल के लोग भी जुटने लगे. तब सभी लड़के तोड़फोड़ और गाली-गलौज करने लगे और हमारे कोचिंग का बोर्ड और बैरिकेडिंग, खान सर का फोटो तोड़ दिया.
रोशन आनंद अभी भी जेल में
इस केस में ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हुई थी. कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद फिलहाल जेल में बंद हैं. उनकी जमानत पर सोमवार को सुनवाई होनी है. वहीं, खान सर के दो गार्ड्स भी फिलहाल जेल में हैं. उनकी जमानत याचिका खारिज हो चुकी है. पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा रखी है. इस बीच रोशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध हालातों में हुई हत्या को लेकर सनसनी फैल गई है.
यह भी पढ़ें - रोशन आनंद सर के भाई प्रिंस की संदिग्ध हालात में मौत, खान सर की कोचिंग पर हुए हमले में था आरोपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं