विज्ञापन

गैर-मुस्लिम छात्रों को उर्दू सिखाने के आरोप में तेलंगाना में बवाल, प्रिंसिपल से मारपीट; BJP नेताओं सहित 20 लोगों पर FIR

सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. जिसमें एक शख्स पुलिस की मौजूदगी में दूसरे शख्स को थप्पड़ मारता नजर आ रहा है. कई अल्पसंख्यक और शिक्षक संगठनों ने सोमवार को निजामाबाद बंद का आह्वान किया है. वे प्रिंसिपल पर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.

गैर-मुस्लिम छात्रों को उर्दू सिखाने के आरोप में तेलंगाना में बवाल, प्रिंसिपल से मारपीट; BJP नेताओं सहित 20 लोगों पर FIR
निजामाबाद में उर्दू पढ़ाने के आरोप में बवाल.
सोशल मीडिया
  • गैर-मुस्लिम छात्रों को उर्दू सिखाने के आरोप में तेलंगाना में बवाल मचा है. यहां बाजार बंद का ऐलान किया गया है.
  • कई अल्पसंख्यक और शिक्षक संगठनों ने सोमवार को निजामाबाद बंद का आह्वान किया है.
  • वे प्रिंसिपल पर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.
निजामाबाद:

गैर-मुस्लिम छात्रों को उर्दू सिखाने के आरोप में तेलंगाना में भारी बवाल मचा है. इस बात की जानकारी होते की हिंदूवादी संगठन के नेता और स्थानीय लोगों ने स्कूल पर हमला कर दिया. प्रिंसिपल के साथ मारपीट की. स्कूल पर हमला और टीचर से मारपीट के मामले में पुलिस ने बीजेपी नेताओं सहित 20 लोगों पर केस दर्ज कराया. दूसरी तरफ से मिली शिकायत के आधार पर स्कूल के प्रिंसिपल, संवाददाता और उर्दू शिक्षक के खिलाफ भी अनाधिकृत रूप से उर्दू पढ़ाने और दुश्मनी को बढ़ावा देने का काउंटर केस दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.  

निजामाबाद के भरत चंद्र हाई स्कूल का मामला

मामला तेलंगाना के निजामाबाद का है. जहां परकिट गांव में स्थित भारत चंद्र हाई स्कूल गैर-मुस्लिम छात्रों को हिंदी की जगह कथित तौर पर उर्दू, नमाज और कलमा सिखाने के आरोपों के बाद रविवार को भारी तनाव पैदा हो गया. आरोपों की जानकारी मिलने पर पहुंचे दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया और इस दौरान प्रिंसिपल आमिर खान के साथ कथित तौर पर मारपीट की.

पुलिस के सामने थप्पड़ मारने वाला वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. जिसमें एक शख्स पुलिस की मौजूदगी में दूसरे शख्स को थप्पड़ मारता नजर आ रहा है. सोशल मीडिया का दावा है कि थप्पड़ मारने वाला शख्स बीजेपी का नेता है. जबकि वो पुलिस के सामने उर्दू शिक्षक को थप्पड़ मारता है. इस घटना से निजामाबाद में माहौल तनावपूर्ण हो गया है.

लोगों का आरोप- हिंदी के बदले उर्दू पढ़ाई जा रही थी

अभिभावकों ने आरोप लगाया कि छात्रों को तय हिंदी सिलेबस के बजाय उर्दू पढ़ाई जा रही थी और दावा किया कि बच्चों को नमाज़ और कलमा भी सिखाया जा रहा था. आरोप के बारे में पता चलने पर दक्षिणपंथी कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और मैनेजमेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. हालाँकि, स्कूल मैनेजमेंट ने इन आरोपों से इनकार किया है.

पुलिस ने 20 लोगों पर दर्ज करवाई FIR

विरोध प्रदर्शन के दौरान, दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने प्रिंसिपल आमिर खान के साथ बदसलूकी की. इसके बाद पुलिस ने स्थानीय बीजेपी नेताओं समेत करीब 20 लोगों पर बिना इजाजत घुसने, मारपीट करने और डराने-धमकाने जैसे आरोप दर्ज किए. स्कूल के प्रिंसिपल, कॉरेस्पोंडेंट और उर्दू टीचर के खिलाफ भी बिना इजाज़त उर्दू पढ़ाने और दुश्मनी फैलाने के आरोप में एक जवाबी मामला दर्ज किया गया.

इंस्पेक्टर बोले- दोनों ओर से मामला दर्ज, जांच जारी

अरमूर के इंस्पेक्टर पी. सत्यनारायण ने कहा, "दोनों शिकायतें दर्ज कर ली गई हैं और जांच चल रही है. सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी." आरोप पर सफाई देते हुए प्रिंसिपल आमिर खान ने कहा कि कुछ अभिभावकों के अनुरोध पर केवल दो दिन उर्दू की क्लास चली थी और उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सिर्फ उर्दू वर्णमाला सिखाई गई थी.

इस बीच, कई अल्पसंख्यक और शिक्षक संगठनों ने सोमवार को निजामाबाद बंद का आह्वान किया है. वे प्रिंसिपल पर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें - तेलंगाना के निजामाबाद में मेयर बनाने से पीछे क्यों हटी बीजेपी, करीमनगर में कैसे मिली जीत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nizamabad, Nizamabad News, Nizamabad Police, Urdu Teacher, Urdu Teachers
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com