पिछले साल गाड़ियों पर लगने वाली GST में बड़ी कटौती के बाद से देशभर में हर तरह की गाड़ियों की बिक्री में रिकॉर्ड बढ़ोतरी का दौर जारी है. शुक्रवार को ऑटो इंडस्ट्री पर नजर रखने वाली संस्था - सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) ने अपने ताजा रिपोर्ट में खुलासा किया कि यात्री वाहनों (Passenger Vehicles), दोपहिया (Two-Wheelers) और तिपहिया वाहनों की बिक्री जनवरी, 2025 की तुलना में जनवरी, 2026 में दोहरे अंक की वृद्धि के साथ अब तक की सबसे अधिक दर्ज़ की गई है.

SIAM के सेक्रेटरी जनरल राजेश मेनन के मुताबिक:
- जनवरी, 2025 की तुलना में जनवरी, 2026 में 12.6% की वृद्धि के साथ 4.50 लाख यूनिट यात्री वाहन (Passenger Vehicles) बेचे गए.
- पिछले साल जनवरी की तुलना में इस साल जनवरी में तीन-पहिया वाहनों (Three-Wheelers) में 30.2% की मजबूत वृद्धि देखी गई, कुल 76 हज़ार की बिक्री हुई.
- दोपहिया वाहनों (Two-Wheelers) में जनवरी, 2025 की तुलना में जनवरी, 2026 में 26.2% की वृद्धि हुई, कुल 19.26 लाख गाड़ियों की बिक्री हुई.
- यात्री वाहन, तिपहिया वाहन, दोपहिया वाहन और क्वाड्रिसाइकिल (Quadricycle) का कुल उत्पादन जनवरी, 2026 में 29,27,394 यूनिट रही.

SIAM सेक्रेटरी जनरल का आंकलन है कि सितम्बर, 2025 में GST दर में कटौती के बाद से ही ऑटो मार्किट में गाड़ियों की मांग में बढ़ोतरी हो रही है और इसकी वजह से नए साल की शुरुआत सकारात्मक रही है.
SIAM सेक्रेटरी जनरल के मुताबिक, भारत के विनिर्माण आधार (manufacturing base) को मजबूत करने के लिए केंद्रीय बजट - 2026 में की गयी घोषणाएं और सरकार की सकरात्मक नीतियों की वजह से मीडियम टर्म और लॉन्ग-टर्म में ऑटो सेक्टर में और विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं