विज्ञापन

महाराष्ट्र बना पैसेंजर व्हीकल का किंग, तो यूपी में बिकीं सबसे ज्यादा मोटरसाइकिलें, ऑटो सेक्टर ने रचा इतिहास

SIAM की ताजा रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री में नंबर वन बना, वहीं उत्तर प्रदेश दोपहिया वाहनों की बिक्री में सबसे आगे रहा. GST कटौती के बाद ऑटो सेक्टर में रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि देखी गई है.

महाराष्ट्र बना पैसेंजर व्हीकल का किंग, तो यूपी में बिकीं सबसे ज्यादा मोटरसाइकिलें, ऑटो सेक्टर ने रचा इतिहास

भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस वक्त जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है. 'सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स' (SIAM) की ताजा रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि देश में गाड़ियों की मांग अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है. रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर-दिसंबर 2025 की तिमाही में महाराष्ट्र पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री में नंबर वन राज्य बनकर उभरा है, जबकि यूपी ने दोपहिया वाहनों की दौड़ में सबको पीछे छोड़ दिया है.

SIAM के मुताबिक अक्टूबर-दिसंबर 2025 के दौरान देश में रिकॉर्ड 12.76 लाख गाड़ियों की बिक्री हुई, जिसमें महाराष्ट्र में सबसे ज़्यादा 1.58 लाख पैसेंजर गाड़ियां (12.4%) बिकीं . दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश रहा जिसकी हिस्सेदारी 10.8% रही. गुजरात (8.2%), कर्नाटक (7%) के साथ तीसरे और चौथे स्थान पर  रहे.

दोपहिया गाड़ियों की सेल में यूपी आगे

अहम बात यह कि जनसंख्या के दृष्टिकोण से दूसरे सबसे बड़े राज्य बिहार में सिर्फ 27 हज़ार पैसेंजर गाड़ियों (2.1%) की बिक्री दर्ज़ हुई है. देश के बड़े राज्यों में बिहार सबसे पीछे है. वहीं, अक्टूबर-दिसंबर 2025 के दौरान दोपहिया गाड़ियों की बिक्री में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है.

सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स' के अनुसार अक्टूबर-दिसंबर 2025 के दौरान देश में कुल 56.96 लाख दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई. इसमें सिर्फ उत्तर प्रदेश में 8.62 लाख दोपहिया वाहनों (15.1%) की बिक्री रिकॉर्ड की गयी. इस लिस्ट में महाराष्ट्र 11.3% की हिस्सेदारी के साथ दूसरे नंबर और तमिलनाडु 8% शेयर के साथ तीसरे नंबर पर हैं. दोपहिया गाड़ियों की बिक्री में बिहार 6% शेयर के साथ पांचवे नंबर पर है.  

तीन-पहिया वाहनों की सेल में गुजरात आगे

इस दौरान थ्री व्हीलर गाड़ियों में गुजरात 0.25 लाख यूनिट्स की बिक्री के साथ सबसे आगे है. जबकि अक्टूबर-दिसंबर, 2025 के दौरान कमर्शियल गाड़ियों की बिक्री सबसे ज्यादा महाराष्ट्र (0.46 लाख यूनिट्स) में दर्ज हुई. पहले 15 राज्यों की लिस्ट में बिहार शामिल नहीं है.  

इसी महीने SIAM ने आंकड़े जारी करते हुए कहा था कि पिछले साल गाड़ियों पर लगने वाली GST में बड़ी कटौती के बाद से देशभर में हर तरह की गाड़ियों की बिक्री में रिकॉर्ड बढ़ोतरी का दौर जारी है. SIAM ने खुलासा किया कि यात्री वाहनों (Passenger Vehicles), दोपहिया (Two-Wheelers) और तिपहिया वाहनों की बिक्री जनवरी, 2025 की तुलना में जनवरी, 2026 में दोहरे अंक की वृद्धि के साथ अब तक की सबसे अधिक दर्ज़ की गयी है.

पिछले साल की तुलना में सेल ज्यादा रही- SIAM

SIAM के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन ने कहा, "जनवरी, 2025 की तुलना में जनवरी, 2026 में 12.6% की वृद्धि के साथ 4.50 लाख यूनिट यात्री वाहन बेचे गए. पिछले साल जनवरी की तुलना में इस साल जनवरी में तीन-पहिया वाहनों में 30.2% की मजबूत वृद्धि देखी गई, कुल 76 हज़ार की बिक्री हुई. दोपहिया वाहनों में जनवरी, 2025 की तुलना में जनवरी, 2026 में 26.2% की वृद्धि हुई, कुल 19.26 लाख गाड़ियों की बिक्री हुई. यात्री वाहन, तिपहिया वाहन, दोपहिया वाहन और क्वाड्रिसाइकिल का कुल उत्पादन जनवरी, 2026 में 29,27,394 यूनिट रही".

दरअसल सितम्बर, 2025 में जीएसटी दर में कटौती के बाद से ही ऑटो मार्किट में गाड़ियों की मांग में बढ़ोतरी हो रही है और इसकी वजह से नए साल की शुरुआत सकारात्मक रही है. SIAM के अनुसार, भारत के मैन्युफैक्चरिंग बेस को मजबूत करने के लिए केंद्रीय बजट 2026 में की गयी घोषणाएं और सरकार की सकरात्मक नीतियों की वजह से मीडियम टर्म और लॉन्ग-टर्म में ऑटो सेक्टर में और विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Auto Sales 2026, SIAM Report October December 2025, Maharashtra Passenger Vehicle Sales, UP Two Wheeler Sales Record, GST Cut Impact On Auto Sector
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com