विज्ञापन
This Article is From Jun 10, 2025

पाकिस्तान में लोकतंत्र नहीं, वहां जनरल चलाते हैं देश... विदेश से लौटे रविशंकर प्रसाद ने NDTV से कहा

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भारत की तरक्की को दुनिया सराह रही है. यूरोप के देश भारत से अच्छे रिश्ते रखना चाहते हैं. एक आम भारतीय का जीवन भी यूरोप या अमेरिका के नागरिक से कम नहीं है. इसीलिए ऑपरेशन सिंदूर किया गया.

पाकिस्तान में लोकतंत्र नहीं, वहां जनरल चलाते हैं देश... विदेश से लौटे रविशंकर प्रसाद ने NDTV से कहा
नई दिल्ली:

सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत का पक्ष दुनिया के सामने रखने के बाद स्वदेश लौटे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को लीड करने वाले बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने एनडीटीवी से खास बातचीत की. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत ने कड़ा रुख जाहिर किया है. इसके लिए हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच का अभिनंदन है. दुनियाभर में सभी दलों का डेलिगेशन भेजना एक बड़ी सोच है. हम 140 करोड़ लोगों की पीड़ा लेकर गए थे.

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि दुनिया में कहीं भी आतंकी घटना हो, चाहे न्यूयॉर्क, लंदन और जर्मनी हो, उसमें शामिल या पाकिस्तानी या पाकिस्तानी मूल का ही होता है. वहां लोकतंत्र नहीं है, वहां जनरल देश चलाते हैं. पाकिस्तान में एक टेरर मशीन है, जो वहां के जनरल चलाते हैं. पाकिस्तान में सेना और आतंकवाद के बीच साठगांठ भारत और पाकिस्तान के बीच शांति स्थापना में मुख्य बाधा है.

उन्होंने कहा कि सभी देशों ने हमारी बात सुनी है. पाकिस्तान से हमने चार लड़ाइयां लड़ी हैं, समझौते भी हुए हैं. वो आतंकवाद को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल करता है.

भारत की तरक्की को दुनिया सराह रही है- रविशंकर प्रसाद

बीजेपी सांसद ने कहा कि भारत की तरक्की को दुनिया सराह रही है. यूरोप के देश भारत से अच्छे रिश्ते रखना चाहते हैं. एक आम भारतीय का जीवन भी यूरोप या अमेरिका के नागरिक से कम नहीं है. इसीलिए ऑपरेशन सिंदूर किया गया. हमने सिक्वेंस बताया कि केवल आतंकवादी ठिकानों पर हमला हुआ. एक भी नागरिक को निशाना नहीं बनाया गया. हमने कहा कि आप गोली चलाओगे तो हम गोला चलाएंगे. पाकिस्तान का आचरण कैसा होता है यह देखेंगे, ऑपरेशन सिंदूर जारी है.

Latest and Breaking News on NDTV

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान एक विक्टिम कार्ड खेलता है, यह नहीं चलेगा. हमने कहा आप लोन देते हैं, वर्ल्ड बैंक आईएमएफ़ से लोन देते हैं वो दुनिया में कटोरा लेकर घूमता है और 80 फीसदी हथियार चीन से खरीदता है. वहां के जनरल चाहते हैं कि संघर्ष जारी रहे, क्योंकि न तो वो निर्वाचित हैं और न ही उत्तरदायी हैं. ओसामा बिन लादेन तो पाकिस्तान में ही मिला था.

सिंधु जल संधि में भारत ने पाकिस्तान को दया का भाव दिया था- बीजेपी सांसद

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सिंधु जल संधि में भारत ने पाकिस्तान को दया का भाव दिया था. दोस्ती और सद्भाव के लिए की गई थी. आप बम चलाएंगे, लोगों को मारेंगे, तो सद्भाव कहां रहा. इसलिए हमने संधि तोड़ा नहीं है, स्थगित किया है. आपका व्यवहार अच्छा रहेगा तो सोचेंगे.

वहीं उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी को क्या बताया जाए? उन्होंने उरी का सबूत मांगा था. उनके सारे बयान पाकिस्तानी टीवी ताली बजाकर दिखाते हैं. क्या आपको शर्म आती है?

गौरतलब है कि रविशंकर प्रसाद ने छह यूरोपीय देशों की यात्रा करने वाले नौ सदस्यीय बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था. यह प्रतिनिधिमंडल 25 मई से सात जून तक फ्रांस, इटली, डेनमार्क, ब्रिटेन, बेल्जियम और जर्मनी की यात्रा पर था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ravi Shankar Prasad, All Party Delegation, Pakistan Terrorism, PM Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com