रैपर और सिंगर हनी सिंह शुक्रवार को महाराष्ट्र साइबर सेल के दफ्तर पहुंचे हैं. साइबर सेल ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था. हनी सिंह ने 22 अक्टूबर तक का समय मांगा था, लेकिन साइबर सेल ने और समय देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद शुक्रवार को हनी सिंह अपने वकीलों के साथ साइबर सेल के ऑफिस पहुंचे.
मामला जनवरी 2026 में दिल्ली में हुई एक लाइव कॉन्सर्ट से जुड़ा है. इस दौरान उन्हें कथित तौर पर अश्लील टिप्पणी की थी. इसे लेकर ही साइबर सेल ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है.
तीन बार बुलाया, लेकिन आए नहीं
महाराष्ट्र साइबर सेल के मुताबिक, हनी सिंह को इससे पहले भी तीन बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए.
हर बार उन्होंने विदेश में होने का हवाला देते हुए पेशी के लिए और समय मांगा था. अब उन्होंने एक बार फिर 22 अक्टूबर तक की मोहलत देने की अपील की थी, लेकिन जांच अधिकारियों ने इससे इनकार कर दिया.
जांच अधिकारियों ने साफ कर दिया था कि अगर हनी सिंह 16 अक्टूबर को पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर नोटिस जारी किया जा सकता है.
सितंबर में भी बुलाया था
सितंबर में भी महाराष्ट्र साइबर सेल ने हनी सिंह को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा था. 14 सितंबर को जारी नोटिस को 'फाइनल रिमाइंडर' बताया गया था. इसमें उन्हें 5 अक्टूबर को सुबह 11 बजे मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थित महाराष्ट्र साइबर कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया गया था.
हालांकि, वह तय तारीख पर भी नहीं पहुंचे और उन्होंने पेशी के लिए और समय मांगा. इसके बाद अब उन्हें 16 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह मामला जनवरी 2026 में दिल्ली में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह की कथित अश्लील टिप्पणी से जुड़ा है.
कॉन्सर्ट के दौरान रैपर ने दिल्ली की सर्दी का जिक्र करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसको लेकर लोगों ने आपत्ति जताई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया.
वायरल वीडियो के बाद एक शिकायतकर्ता ने महाराष्ट्र साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई. इसी शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई.
जांच एजेंसी को इस मामले में हनी सिंह का बयान दर्ज करना है और वह उनसे घटना से जुड़ी जानकारी हासिल करना चाहती है. इसी सिलसिले में उन्हें बार-बार समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं