विज्ञापन

कांग्रेस ने दिखाया दीया मिर्जा का वीडियो तो BJP ने लगाए 'जय श्री राम' के नारे; BMC में नया विवाद

दिवाली को लेकर दीया मिर्जा के वीडियो को लेकर अब राजनीतिक विवाद भी बढ़ गया है. कांग्रेस पार्षदों ने दीया मिर्जा का वीडियो दिखाया तो बीजेपी पार्षदों ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए.

कांग्रेस ने दिखाया दीया मिर्जा का वीडियो तो BJP ने लगाए 'जय श्री राम' के नारे; BMC में नया विवाद
दीया मिर्जा. (फाइल फोटो)
NDTV
मुंबई:

बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा के 'पॉल्यूशन-फ्री दिवाली' वाले वीडियो को लेकर शुरू हुए विवाद ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है. बृहन्मुंबई नगर पालिका (BMC) की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में भी ये मुद्दा उठा. बैठक के दौरान जब कांग्रेस पार्षदों ने दीया मिर्जा का ये वीडियो दिखाया तो बीजेपी पार्षदों ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए.

हुआ ये कि BMC स्टैंडिंग कमेटी में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही वायु प्रदूषण और मुंबई की खराब हवा को लेकर चिंता जता रहे थे.

पार्षदों ने BMC प्रशासन की सुस्त कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि एयर क्वालिटी मॉनिटर्स के काम की जांच करने में डेढ़ साल क्यों लग गए? साथ ही, उन्होंने 'पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड' जैसी संस्थाओं को भी इसमें शामिल करने की जरूरत पर जोर दिया.

कांग्रेस पार्षदों ने दिखाया दीया मिर्जा का वीडियो

पार्षदों ने आरोप लगाया कि प्रदूषित हवा की वजह से मुंबई, टीबी का केंद्र बन गई है.

प्रदूषण पर बहस के दौरान, कांग्रेस नेता अशरफ आजमी ने दीया मिर्जा के वीडियो का मुद्दा उठाया और बीजेपी मुंबई अध्यक्ष के एक ट्वीट का जिक्र किया. 

इस पर बीजेपी के पार्षद भड़क गए और 'भारत माता की जय' और 'जय श्री राम' के नारे लगाने लगे, जिससे सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य आमने-सामने आ गए.

BMC के फ्लाइंग स्क्वॉड के काम पर उठे सवाल

पार्षदों ने BMC के 'फ्लाइंग स्क्वॉड' के काम पर नाराजगी जताई. उन्होंने इन्हें बेअसर बताया, क्योंकि इनके गठन के बावजूद प्रदूषण का स्तर अभी भी बहुत ज्यादा है.

पार्षदों ने प्रशासन से पूछा कि अब तक कितने निरीक्षण किए गए, बिल्डरों को कितने नोटिस दिए गए और क्या कार्रवाई की गई? 

उन्होंने आरोप लगाया कि धूल को नियंत्रित करने के नियमों और निर्माण सामग्री को खुले में ले जाने से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन नहीं कराया जा रहा है.

दीया मिर्जा वाला मामला क्या है?

दरअसल, यह पूरा विवाद BMC के दिवाली से पहले शुरू किए गए कैंपेन से जुड़ा है. दीया मिर्जा ने अपने वीडियो में लोगों से पटाखे न जलाने और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए दिवाली मनाने की अपील की थी.

लेकिन 1 नवंबर को मुंबई बीजेपी अध्यक्ष और विधायक अमित साटम ने उनके वीडियो पर आपत्ति जताई. उन्होंने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि लोगों को दिवाली मनाने का तरीका बताने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हमारी परंपराएं और संस्कृति पहले से ही मजबूत हैं.

इसके बाद मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने भी दीया मिर्जा पर हिंदू विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया. महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने भी अभिनेत्री के वीडियो पर सवाल उठाए.

इसके बाद मंगलवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मामले पर नाराजगी जताई और बीएमसी को दीया मिर्जा का वीडियो दोबारा अपलोड करने का निर्देश दिया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dia Mirza, Dia Mirza Video, BMC, Mumbai News, BJP Vs Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com