विज्ञापन

रामलला के मंदिर में 'अधर्म', आस्था के नाम पर विश्वासघात... सर्वेसर्वा चंपत राय ने इस्तीफे में क्यों की देरी?

चंपत राय अपने पद पर मजबूती से टिके क्यों रहे? क्यों चंपत राय ने उसी वक्त ये नहीं सोचा कि आस्था पर सवाल आने भर से ही पद छोड़ देना चाहिए? क्यों वो हर आरोप को खारिज करते रहे? क्यों ये भरोसा दिखाते रहे कि कुछ भी गलत नहीं हुआ?

  • राम मंदिर में जून 2026 में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आया, जिसने आस्था को झकझोर दिया
  • एसआईटी की जांच के बाद आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, जिसमें कई अनजान चेहरे भी शामिल हैं
  • राम मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख चंपत राय पर आरोप लगे, जिन्होंने जांच शुरू होने के बाद इस्तीफा दिया
अयोध्या (यूपी):

श्रीरामलला की पवित्र नगरी अयोध्या, जहां आस्था सिर्फ एक भावना नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की सांसों में बसने वाला विश्वास है. वही अयोध्या आज सवालों के घेरे में है. अयोध्या में रामलला मंदिर में एक ऐसा अधर्म हुआ है, जिसने हर रामभक्त को अंदर तक हिला दिया. चढ़ावा चोरी की साजिश और सिस्टम की खामियों का ऐसा जाल जिसने श्रद्धा और और व्यवस्था दोनों को कठघरे में खड़ा कर दिया है. एसआईटी की शुरुआती जांच के बाद एफआईआर दर्ज होती है. 8 नामजद आरोपी और कई अनजान चेहरे जो कहानी को और भी रहस्यमयी बनाते हैं. सवाल उठता है कि क्या ये महज एक आर्थिक अनियमितता है या आस्था के नाम पर सबसे बड़ा विश्वासघात? और दूसरा सवाल तो ये भी है कि आखिर किस स्तर पर ये चूक हुई? और कौन हैं वो लोग जो भगवान के नाम पर आए चढ़ावे को भी लील गए?

श्रीराम की पवित्र नगरी अयोध्या, जहां हर कोने में विराजमान है श्रीराम की धर्मध्वजा, अयोध्या में हर सुबह भगवान श्रीराम के जयकारों से शुरू होती है. जहां हर दिन लाखों लोग अपनी मेहनत की कमाई, अपनी इच्छाएं, अपनी उम्मीदें चढ़ावे के रूप में समर्पित करते हैं. ये चढ़ावा कोई मामूली रकम या सोना-चांदी जैसी धातु के रूप में नहीं होता, बल्कि ये भरोसा होता है, ये विश्वास होता है, ये आस्था का वो रूप होता है जिसे भक्त अपने भगवान तक पहुंचाने की उम्मीद करता है.

Latest and Breaking News on NDTV
अयोध्या वो नगरी जहां सदियों के इंतजार के बाद बना राम मंदिर सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के विश्वास, समर्पण और आध्यात्मिक पहचान का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है. लेकिन जून 2026 को इसी आस्था के महासागर में एक ऐसी लहर उठती है, जो धीरे-धीरे एक ऐसे भंवर में बदल जाती है, जो विश्वास की नींव तक को हिलाने लगती है. घोटाले का ऐसा भंवर जिसने लाखों भक्तों की आस्था को अंदर तक झकझोर दिया. राम मंदिर के चढ़ावे में घोटाले का मामला, अब शक से आगे निकलकर पहले एफआईआर और फिर गिरफ्तारी तक पहुंच गया है.

एफआईआर के बाद जो कुछ हुआ उसने इस केस को और ज्यादा गहरा और ज्यादा खतरनाक बना दिया है. SIT की जांच, कई दिनों तक हुई पूछताछ, कई स्तरों पर खंगाले गए दस्तावेज और फिर आई SIT की सिफारिश, इसी सिफारिश के बाद राम मंदिर ट्रस्ट की शिकायत और फिर दर्ज हुई एफआईआर.

अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दान में कथित गड़बड़ी का मामला जून 2026 में सामने आया. पहली बार तो कई लोगों ने इसे सियासी चश्मे से देखा. किसी को उम्मीद नहीं थी कि राम मंदिर जैसे पवित्र स्थान से चढ़ावे की चोरी भी हो सकती है. लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी तो कथित रूप से करोड़ों रुपये के गबन का मामले सामने आया.  

“अन्यक्षेत्रे कृतं पापं पुण्यक्षेत्रे विनश्यति।
 पुण्यक्षेत्रे कृतं पापं वज्रलेपो भविष्यति॥”

स्कंद पुराण के रेवा खंड का ये श्लोक आज अयोध्या की उस घटना के बीच खड़ा दिखाई देता है, जैसे कोई पुराना सत्य अचानक से वर्तमान की दीवार पर उभर आया हो. क्योंकि इसका अर्थ केवल चेतावनी नहीं है, बल्कि वो कठोर नियम है जो आस्था और कर्म के बीच की अंतिम रेखा खींचता है कि सामान्य स्थान पर किया गया पाप, प्रायश्चित और पुण्य से मिट सकता है, लेकिन जिस स्थान को स्वयं पवित्र माना गया हो, जहां हर दान श्रद्धा का प्रतीक हो, जहां हर चढ़ावा विश्वास का रूप हो. वहां किया गया पाप केवल अपराध नहीं रहता, वो वज्रलेख बन जाता है. एक ऐसा निशान जो समय, तर्क या सफाई से भी मिट नहीं सकता है.

Latest and Breaking News on NDTV

जब राम मंदिर जैसे पवित्र स्थान से चढ़ावे में चोरी की खबरें सामने आती है तो ये श्लोक केवल पढ़ा नहीं जाता, बल्कि हर खुलासे के साथ गूंजने लगता है. क्योंकि जो हाथ दान गिन रहे थे, जो लोग व्यवस्था संभाल रहे थे, जो चेहरे इस पूरी प्रक्रिया का हिस्सा थे. क्या उन्हें ये ध्यान था कि वे किसी सामान्य स्थान पर नहीं, बल्कि वो श्रीराम की उस भूमि पर खड़े हैं जहां हर कर्म कई गुना अधिक भारी हो जाता है. जहां हर गलती केवल गलती नहीं, बल्कि आस्था के साथ विश्वासघात बन जाती है.

चढ़ावा चोरी की घटना में कौन-कौन शामिल है? पुलिस ने अब तक क्या क्या एक्शन लिया है? आरोपियों की गिरफ्तारी कैसे हुई और आगे क्या-क्या होगा? लेकिन एक नाम जो इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ी चर्चाओं के बीच दबा रहा वो नाम अब सुर्खियों में है. ये नाम है - चंपत राय का

चंपत राय राम मंदिर ट्रस्ट का सबसे बड़ा चेहरा, चंपत राय जो राम मंदिर की व्यवस्था के प्रतीक कहलाये, चंपत राय वो चेहरा जिस पर भरोसा रखा गया कि आस्था का हर रुपया सुरक्षित है और हर चढ़ावा पवित्र है, हर व्यवस्था पारदर्शी है. लेकिन जब यही व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई तो सबसे पहले निशाना भी उसी चेहरे पर जाकर ठहरा, क्योंकि सच यही है कि जिम्मेदारी नीचे से ऊपर नहीं जाती.
Latest and Breaking News on NDTV

जब करोड़ों के चढ़ावे पर सवाल उठे, जब कर्मचारियों से लेकर चंपत राय के करीबी चेहरों तक की कड़ियां जुड़ने लगीं, जब जांच में खामियां, लापरवाही और शक गहराने लगा. तब सबसे बड़ा सवाल यही बना कि इतनी बड़ी व्यवस्था, इतना बड़ा सिस्टम, क्या ये सब बिना जानकारी के हो सकता है? क्या यह माना जाए कि सबसे ऊपर बैठे शख्स को कुछ पता ही नहीं था, या फिर यह माना जाए कि सब कुछ सामने होते हुए भी कहीं न कहीं आंखें बंद रखी गईं.

फिर एक और सवाल जो सबसे ज्यादा संदेह को गहराने का काम करता है वो ये है कि जब 7 जून को पहला आरोप लगा, जब मामला हर दिन तूल पकड़ता गया, जब लोगों के मन में संदेह घर करने लगा, तब चंपत राय अपने पद पर मजबूती से टिके क्यों रहे? क्यों चंपत राय ने उसी वक्त ये नहीं सोचा कि आस्था पर सवाल आने भर से ही पद छोड़ देना चाहिए? क्यों वो हर आरोप को खारिज करते रहे? क्यों ये भरोसा दिखाते रहे कि कुछ भी गलत नहीं हुआ?

Latest and Breaking News on NDTV

फिर 25 जून को पहली FIR दर्ज होती है, धाराएं लगती हैं, नाम सामने आते हैं और उसके ठीक बाद 26 जून को इस्तीफा. यहीं से वो आरोप और जोर पकड़ते हैं सस्पेंस और ज्यादा गहराने लगता है, क्योंकि चंपत राय का इस्तीफा समय से पहले नहीं आया, बल्कि ये इस्तीफा उस वक्त आया, जब जांच कानून के हाथ में पहुंच चुकी थी. जब मामला सिर्फ आरोप का नहीं रहा.

सवाल ये है कि अगर सब कुछ साफ था? अगर कोई गड़बड़ी नहीं थी? तो इस्तीफा FIR के बाद ही क्यों आया? उससे पहले क्यों नहीं? क्या ये सच में नैतिक जिम्मेदारी थी या हालात का दबाव या फिर उस डर का आगाज कि अब जांच वहां तक पहुंच सकती है, जहां से लौटना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन होगा.

वहीं सबसे गहरी बात ये भी है कि क्योंकि चंपत राय केवल एक पदाधिकारी नहीं थे, बल्कि चंपत राय पूरी व्यवस्था का चेहरा थे. सवाल तो ये भी उठ रहा है कि क्या जिम्मेदारी सिर्फ नीचे वालों की थी? और अब जांच गिरफ्तारियों तक पहुंच रही है. चोरी की रकम बरामद होने लगी है. लेकिन एक खामोशी अभी भी बनी हुई है और इस पूरे सिस्टम में सबसे ज्यादा किसी नाम की गूंज है तो वो नाम है चंपत राय का.

इसे भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 8 आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी, टिन्नू के घर से ज्वेलरी और कागजात बरामद

इसे भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी में आज बड़ा दिन: सभी 8 आरोपियों के घर रेड, गोविंदानंद सरस्वती करेंगे मीडिया से बात

इसे भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सभी 8 आरोपियों को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Mandir Donation Scam, Ram Mandir Donation Controversy, Ram Mandir Donation Scam News, Ayodhya Ram Mandir, Champat Rai Resignation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com