अयोध्या के राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पहली बार बयान जारी किया है. खुद संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस पूरे विवाद पर आधिकारिक तौर पर संघ का पक्ष रखा और इस पूरी घटना को घोर निंदनीय बताया है. सरकार्यवाह होसबाले ने ने कहा है कि इस मामले में जो भी दोषी हो, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए. इसके साथ ही संघ ने मंदिर प्रबंधन और सरकार से व्यवस्था की सभी कमियों को तुरंत दूर करने की मांग भी की है.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले द्वारा जारी किया गया वक्तव्य :
— RSS (@RSSorg) July 3, 2026
(नई दिल्ली, 3 जुलाई 2026)
श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और… pic.twitter.com/5T72nmx87T
राम भक्तों की आस्था को लगा है गहरा आघात
आरएसएस ने अपने बयान में कहा है कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर बना भव्य मंदिर सदियों के संघर्ष और करोड़ों राम भक्तों के त्याग, समर्पण व बलिदान का प्रतीक है. यह पूरा परिसर संपूर्ण हिंदू समाज की अटूट श्रद्धा और भक्ति का सबसे बड़ा केंद्र है. ऐसे में राम लला के दरबार में रखे दान पात्रों से पैसे चोरी होने की यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद आहत करने वाली है. इस घिनौने खेल से दुनिया भर के राम भक्तों की भावनाओं और उनकी आस्था को बहुत गहरा धक्का लगा है.
दोषियों को मिले कठोर सजा और व्यवस्था बने पारदर्शी
संघ ने साफ किया है कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अपील पर उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी (SIT) का गठन किया है. एसआईटी की सिफारिशों के आधार पर कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. संघ और पूरे हिंदू समाज की यह पुरजोर मांग है कि जांच एजेंसी और सरकार यह सुनिश्चित करें कि इस महापाप में शामिल हर एक दोषी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिले. इसके साथ ही मंदिर में पैसों के रख-रखाव और संचालन को पूरी तरह पारदर्शी और साफ-सुथरा बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी कोई चूक न हो.
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड: न आईकार्ड,न चेकिंग, सिर्फ ड्यूटी चार्ट से एंट्री और कर दिया करोड़ों का खेल
भ्रम का माहौल खत्म हो:दत्तात्रेय होसबाले
आरएसएस के सरकार्यवाह ने मंदिर प्रबंधन और शासन से उम्मीद जताई है कि वे इस मामले को एक साधारण चोरी न मानकर बेहद गंभीरता से लेंगे. मंदिर के भीतर वर्तमान में जो भी असमंजस और भ्रम का माहौल बना हुआ है, उसे तुरंत खत्म किया जाना चाहिए. इसके साथ ही संघ ने देश के आम हिंदू समाज से भी एक बड़ी अपील की है. संघ ने कहा है कि इस बेहद मुश्किल और संवेदनशील समय में सभी राम भक्त धैर्य और संयम से काम लें. समाज को सतर्क रहना होगा ताकि देश और हिंदू धर्म के खिलाफ काम करने वाली ताकतें इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का फायदा उठाकर हमारे समाज को बदनाम करने की कोई भी साजिश कामयाब न कर सकें.
ये भी पढ़ें: हे राम, ऐसी सीनाजोरी ! CCTV कैमरों के सामने ही कपड़ों और मोजो में पैसे छिपाते थे आरोपी, 80 लाख बरामद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं