- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में मेगा डिफेंस प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे
- एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी के विमान एकीकरण और उड़ान परीक्षण केंद्र की स्थापना एमका के लिए अहम है
- अनाकापल्ली में रखी जाएगी भारत डायनेमिक्स लिमिटेड की अत्याधुनिक नौसेना प्रणाली निर्माण सुविधा की आधारशिला
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में आज मेगा डिफेंस प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे. इसमें वायुसेना से लेकर नौसेना समेत कई रक्षा परियोजनाएं शामिल हैं. भारत की ओर से विकसित किए जा रहे पांचवीं पीढ़ी के ‘एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट' (एमका) के निर्माण में तेजी लाने की तैयारी चल रही है. एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (एडीए) इस फाइटर जेट के विकास में अहम भूमिका निभा रही है. 15 मई, शुक्रवार को आंध्र प्रदेश में इसी एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी के विमान एकीकरण और उड़ान परीक्षण केंद्र की आधारशिला रखी जाएगी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के साथ मिलकर श्रीसत्य साईं जिले के पुट्टपर्थी में कई एयरोस्पेस और रक्षा परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे,.
एमका प्रोजेक्ट के लिए अहम दिन
इन परियोजनाओं को भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता, स्वदेशी सैन्य तकनीक और आत्मनिर्भर रक्षा विनिर्माण को नई गति देने वाला माना जा रहा है. इस दौरान एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी के विमान एकीकरण और उड़ान परीक्षण केंद्र की आधारशिला भी रखी जाएगी. यह अत्याधुनिक सुविधा भारत के स्वदेशी ‘उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान' यानी एएमसीए (एमका) प्रोग्राम के लिए बेहद अहम मानी जा रही है. इस केंद्र में विमान एकीकरण, परीक्षण, सत्यापन और प्रमाणन से जुड़े कार्य किए जाएंगे. इससे भारतीय फाइटर जेट एमका परियोजना के विकास और परीक्षण प्रक्रिया में तेजी आएगी. ‘एमका' भारत की पांचवीं पीढ़ी के स्वदेशी स्टील्थ लड़ाकू विमान परियोजना है. इसे भारतीय वायुसेना की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है.
पानी के नीचे मार करने वाले हथियार बनेंगे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अनाकापल्ली जिले के टी. सिरासपल्ली गांव में भारत डायनेमिक्स लिमिटेड की अत्याधुनिक नौसेना प्रणाली निर्माण सुविधा की भी आधारशिला रखेंगे. यह नया परिसर उन्नत जलमग्न हथियार प्रणालियों और नौसैनिक युद्ध प्रणालियों के निर्माण के लिए विकसित किया जाएगा. यहां नौसेना के लिए उन्नत पानी के नीचे मार करने वाले हथियार बनाए जाएंगे. इससे भारतीय नौसेना की बढ़ती सामरिक जरूरतें पूरी होंगी और समुद्री सुरक्षा क्षमता और मजबूत होगी.
रक्षा और प्रौद्योगिकी परियोजनाओं का भी शिलान्यास
इसके अलावा कई निजी रक्षा और प्रौद्योगिकी कंपनियों की परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा. इनमें कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स लिमिटेड की सहायक कंपनी अग्नेयास्त्रा एनर्जेटिक्स लिमिटेड की डिफेंस एनर्जेटिक्स फैसिलिटी प्रमुख है. यह परियोजना रक्षा क्षेत्र में उन्नत ऊर्जा और विस्फोटक प्रणालियों के स्वदेशी निर्माण को बढ़ावा देगी.
श्रीसत्य साईं जिले के मदाकासिरा में एचएफसीएल लिमिटेड के गोला-बारूद और इलेक्ट्रिक फ्यूज प्लांट की आधारशिला भी रखी जाएगी. यह संयंत्र आधुनिक सैन्य गोला-बारूद और इलेक्ट्रॉनिक फ्यूज निर्माण क्षमता को बढ़ाने में मदद करेगा. कुरनूल में प्रस्तावित ड्रोन सिटी परियोजना का भी शिलान्यास होगा. यह परियोजना ड्रोन प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, विनिर्माण और परीक्षण के लिए एक समर्पित केंद्र के रूप में विकसित की जाएगी. इससे रक्षा, कृषि, निगरानी, आपदा प्रबंधन और औद्योगिक उपयोगों के लिए ड्रोन तकनीक को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
स्वदेशीकरण के लक्ष्य की दिशा में बड़ा कदम
समारोह के दौरान आंध्र प्रदेश सरकार और विभिन्न रक्षा एवं औद्योगिक संस्थाओं के बीच कई समझौता ज्ञापनों यानी एमओयू पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है. इन समझौतों के माध्यम से राज्य में रक्षा विनिर्माण, एयरोस्पेस निवेश, रोजगार सृजन और उच्च तकनीकी उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा. विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं से आंध्र प्रदेश देश के प्रमुख रक्षा और एयरोस्पेस विनिर्माण केंद्रों में तेजी से उभर सकता है. साथ ही, यह पहल ‘आत्मनिर्भर भारत' और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशीकरण के लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें-जिनपिंग को खुश करने में लगे ट्रंप! कहा- चीनी राष्ट्रपति ने तो पहले वाले अमेरिका को 'गिरता हुआ देश' बताया था
इनपुट- IANS
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं