- पीएम मोदी आंध्र प्रदेश के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे
- विशाखापत्तनम में वह 460 करोड़ रुपये निवेश से बनने वाले ASIP सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे
- कर्नूल और अनंतपुरम में रिन्यूएबल एनर्जी जोन के लिए करोड़ों रुपये के ट्रांसमिशन सिस्टम का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एक दिन के आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे क्षेत्रीय और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने के वाले इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, ऊर्जा और टेक्नोलॉजी से जुड़ी कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. पीएम मोदी आंध्र के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे.
आंध्र प्रदेश को एयरपोर्ट की सौगात
पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत 5,640 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बने इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की सालाना 60 लाख यात्रियों की क्षमता है. उम्मीद है कि यह एयरपोर्ट क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ ही पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को भी बढ़ावा देगा. पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट कर आंध्र के नए एयरपोर्ट की अहमियत बताई.
पीएम मोदी ने लिखा, आंध्र प्रदेश के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट आधुनिक और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया एयरपोर्ट है, जिससे कनेक्टिविटी, व्यापार और पर्यटन को बढ़ेगा. इस प्रोजेक्ट में सस्टेनेबिलिटी (टिकाऊपन) और एनर्जी एफिशिएंसी (ऊर्जा दक्षता) के सिद्धांतों को भी शामिल किया गया है.
ASIP सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट की आधारशिला
पीएम मोदी विशाखापत्तनम में ASIP सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट की आधारशिला भी रखेंगे. यह 'इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन' के तहत मंज़ूर की गई आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी है. 460 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किया जा रहा है. इस फैसिलिटी में हर साल लगभग 96 मिलियन सेमीकंडक्टर चिप्स बनाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है. इससे हाई-स्किल्ड रोजगार के मौके बढ़ेंगे और राज्य में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग के लिए एक मजबूत सहायक इकोसिस्टम बनाने में मदद मिलेगी.
पीएम मोदी कुरनूल-4 रिन्यूएबल एनर्जी जोन (आरईजेड) - फेज-I (4.5 जीडब्ल्यू) के इंटीग्रेशन के लिए ट्रांसमिशन सिस्टम की आधारशिला रखेंगे, जिसे पॉवरग्रिड द्वारा एक स्पेशल पर्पस व्हीकल (एसपीवी) के जरिए लगभग 5,550 करोड़ रुपए के निवेश से लागू किया जा रहा है.
अनंतपुरम और कुरनूल को एनर्जी की सौगात
वे कुरनूल विंड एनर्जी जोन/सोलर एनर्जी जोन (आंध्र प्रदेश) – पार्ट ए और पार्ट बी के लिए ट्रांसमिशन सिस्टम का भी उद्घाटन करेंगे, जिसे लगभग 3,550 करोड़ रुपए की लागत से लागू किया गया है, और अनंतपुरम (2,500 मेगावाट) और कुरनूल (1,000 मेगावाट) में सोलर एनर्जी जोन के लिए ट्रांसमिशन स्कीम का भी उद्घाटन करेंगे, जिसे पॉवरग्रिड द्वारा 820 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से लागू किया गया है.
ये ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स कुरनूल और अनंतपुरम में रिन्यूएबल एनर्जी जोन से पैदा होने वाली बिजली को बाहर भेजने और नेशनल ग्रिड के जरिए देश भर में लाभार्थियों तक बिजली पहुंचाने में मदद करेंगे. ये ग्रिड में बड़ी मात्रा में रिन्यूएबल एनर्जी को जोड़ने में मदद करेंगे, डिमांड सेंटर्स के लिए साफ-सुथरी बिजली की उपलब्धता में सुधार करेंगे, और फॉसिल फ्यूल-बेस्ड बिजली उत्पादन पर निर्भरता कम करके भारत के एनर्जी ट्रांजिशन और डीकार्बोनाइज़ेशन प्रयासों में योगदान देंगे.
देश को नेशनल हाईवे का तोहफा
पीएम मोदी 1,880 करोड़ रुपए से ज्यादा के नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स भी देश को समर्पित करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे. इनमें एनएच-365बीजी के रेचेरला से गुरुवायगुडेम सेक्शन तक चार-लेन वाला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे, एनएच-365बीजी के गुरुवायगुडेम से देवरापल्ले सेक्शन तक चार-लेन वाला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे और एनएच-67 पर चार-लेन वाला ताड़ीपत्री बाईपास शामिल हैं.
वह एनएच-565 के पेन्चालाकोना-येरपेडु सेक्शन पर लिंगसमुद्रम में एक ऊंचे पुल की आधारशिला भी रखेंगे. इन प्रोजेक्ट्स से विजयवाड़ा और कई अन्य शहरों में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी, विशाखापत्तनम और हैदराबाद के बीच यात्रा की दूरी और समय कम होगा, और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा.
विवेका स्मारक' का उद्घाटन
आंध्र प्रदेश में कार्यक्रम खत्म करने के बाद पीएम मोदी कर्नाटक के मैसूर जाएंगे, जहां वे 'स्वामी विवेकानंद कल्चरल यूथ सेंटर-विवेका स्मारक' का उद्घाटन कर एक जनसभा को संबोधित करेंगे.'विवेका स्मारक' की स्थापना स्वामी विवेकानंद की भारत यात्रा के दौरान नवंबर 1892 में मैसूर की ऐतिहासिक यात्रा की याद में की गई है. ऐतिहासिक निरंजन मठ में 81,000 वर्ग फुट से ज्यादा इलाके में बने इस सेंटर में एक मुख्य इमारत और एक एनेक्स ब्लॉक शामिल है. इसमें 4-D एक्सपीरियंस सेंटर, एग्ज़िबिशन हॉल, 700 सीटों वाला एम्फीथिएटर, क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस रूम, लाइब्रेरी, रीडिंग रूम, मेडिटेशन और योग हॉल, बुक स्टॉल और कॉम्पिटिटिव एग्ज़ाम की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए खास सुविधाएं हैं.
पीएम मोदी की इस यात्रा से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, क्लीन एनर्जी, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और सांस्कृतिक विरासत पर केंद्र का फोकस मजबूत होने की उम्मीद है, साथ ही आंध्र प्रदेश और कर्नाटक दोनों में आर्थिक अवसरों और कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलेगा.
इनपुट-IANS
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं