रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कहना है कि पश्चिम एशिया संकट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी नहीं पड़ी है. भारत की आर्थिक विकास दर करीब 7.8 प्रतिशत बनी हुई है. वह बुधवार को जापान की राजधानी टोक्यो में भारतीय समुदाय को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है.
राजनाथ सिंह ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति में कई तरह की मुश्किलें आ रही हैं. इस मार्ग से तेल टैंकरों का गुजरना जोखिम भरा है. इसके बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था की चाल पर कोई असर नहीं पड़ने दिया गया है. यह देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. रक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े 12 वर्षों में भारत ने करीब 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता हासिल की है.
उन्होंने कहा कि पहले वह इस आंकड़े को 25 करोड़ बताते थे, लेकिन कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के आंकड़ों के बाद यह संख्या करीब 50 करोड़ हो गई है. उन्होंने आवास, शौचालय और घरों तक पाइप से पानी पहुंचाने के प्रयासों का भी जिक्र किया.
राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार पर बात करते हुए कहा कि पहले सरकारी सहायता का बड़ा हिस्सा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था और पूरी मदद जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाती थी. अब प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के जरिए सरकारी सहायता का पूरा पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि व्यवस्था में बदलाव के कारण अब बीच में पैसे के रिसाव की गुंजाइश नहीं रह गई है. उन्होंने डिजिटल भुगतान का उदाहरण देते हुए बताया कि अक्टूबर में यूपीआई के माध्यम से 31.53 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ.
राजनाथ सिंह ने कहा कि इस व्यवस्था के जरिए होने वाले लेनदेन में पैसे का रिसाव नहीं होता. उन्होंने भारत के विदेशी मुद्रा भंडार का भी जिक्र किया और बताया कि यह बढ़कर 700 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. रक्षा मंत्री ने भारत की रक्षा उत्पादन और निर्यात क्षमता में हुई वृद्धि को भी रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार बनी थी, उस समय भारत का रक्षा निर्यात करीब 600 से 900 करोड़ रुपए था, जो अधिकतम 1,200 करोड़ रुपए तक पहुंचता था. आज भारत करीब 40,000 करोड़ रुपए के हथियारों और अन्य रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है.
उन्होंने बताया कि देश का रक्षा उत्पादन भी सरकार बनने से पहले के करीब 40,000 से 46,000 करोड़ रुपए के स्तर से बढ़कर 1.80 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया है. राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया.
अंत में रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत लगातार आगे बढ़ रहा है. उन्होंने टोक्यो में भारतीय समुदाय से मुलाकात और संवाद का अवसर देने के लिए कार्यक्रम के आयोजकों का आभार जताया. साथ ही भारतीय समुदाय के लोगों के सवालों का जवाब भी दिया.
IANS इनपुट के साथ
ये भी पढें : तीन बाइक, 8 लुटेरे और 30-40 करोड़ का माल पार, बेतिया में ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े लूट से मचा हड़कंप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं